Search This Blog

Thursday, April 1, 2021

ईस्टर स्पेशल अंडा रहित ऐप्पल पाई - Eggless Apple Pie recipe in hindi / Easter Special Recipe


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग  में आपका स्वागत है। दोस्तों ईस्टर का त्योहार आ रहा है। ईस्टर, क्रिसमस के बाद ईसाई भाई बहनों का दूसरा सबसे बड़ा और प्रमुख त्योहार होता है। ईसाई धर्म की मान्यता के अनुसार यह ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने का दिन है। आज हम ईस्टर पर विशेष रूप से खाया जाने वाला ऐप्पल पाई बनाएँगे । ऐप्पल पाई दुनिया भर मे सभी आयु वर्गों द्वारा पसंद किया जाता है। वैसे तो ऐप्पल पाई को अंडा डालकर बनाया जाता है, परंतु आज हम अंडा रहित ऐप्पल पाई बनाएँगे, जिसका स्वाद भी उतना ही स्वादिष्ट होता है, जितना अंडा वाले ऐप्पल पाई का होता है। तो चलिये अंडा रहित ऐप्पल पाई बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री-  ऐप्पल पाई का आटा बनाने के लिए 


  1.  मैदा -  3 कप 
  2.  बेकिंग पाउडर - 1/2 टी स्पून
  3.  पिसी हुई शक्कर - 1/2 टी स्पून
  4.   नरम, मुलायम मक्खन -  1 कप
  5.   बर्फ मिला ठंडा पानी -  आटा गूँथने के लिए [ आवश्यकतानुसार ]

सामग्री - ऐप्पल पाई का भरवां मिश्रण बनाने के लिए;


  1.   3 सेब ;- छिलका और बीज निकालकर छोटे छोटे टुकड़ों मे काट लें 
  2.    नींबू का रस- 1 टेबल स्पून [ नींबू का रस छानकर इस्तेमाल करें ]
  3.    शक्कर - 1/2 कप
  4.    दालचीनी पाउडर -1 टी स्पून
  5.     किशमिश - 2 टेबल स्पून 
  6.      बारीक कटे बादाम - 2 टेबल स्पून
  7.    वनीला एसेंस - 1/4 टी स्पून 

अन्य सामग्री  

  1.  दूध-  2 टेबल स्पून [ ऐप्पल पाई पर लगाने के लिए]
  2.  शक्कर - 1 टी स्पून [ ऐप्पल पाई पर छिड़कने के लिए]

सामग्री - ऐप्पल पाई परोसने के लिए -   वनीला आइस क्रीम [  आवश्यकतानुसार ]

 विधि

ऐप्पल पाई का आटा गूँथने के लिए- 

  1. अंडा रहित ऐप्पल पाई बनाने के लिए एक गहरे बर्तन मे मैदा, बेकिंग पाउडर और पिसी हुई शक्कर डालकर पहले अच्छे से छान लें, ताकि कहीं कोई गुठली न रहे। 
  2. अब छने आटे में नरम मक्खन डालकर अच्छे से हाथ से मिला लें और थोड़ा थोड़ा बर्फ मिला ठंडा पानी डालकर सामान्य आटा गूँथकर तैयार कर लें। ध्यान रखें की पानी थोड़ा थोड़ा करके डालें और न तो ज्यादा सख्त और न ही ज्यादा मुलायम आटा गूँथें। 
  3. आटे को ढँककर 45 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए छोड़ दें। तब तक ऐप्पल पाई का मिश्रण तैयार  कर लें।
  विधि
ऐप्पल पाई का भरवा मिश्रण बनाने के लिए-
  1. एक बर्तन में सेब के टुकड़े, नींबू का रस और वनीला एसेंस डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। 
  2. अब एक मोटी तली की नॉन स्टिक कड़ाही लें और उसे गैस पर चढ़ा दें। 
  3. कड़ाही में सेब , नींबू का रस और वनीला एसेंस वाला मिश्रण  डाल दें और शक्कर, दालचीनी पाउडर किशमिश और बादाम भी डाल  दें। 
  4. ढँककर मध्यम आंच पर 8 मिनट्स तक दबा दबाकर चलाते हुए पका लें। 
  5. बीच बीच में कड़ाही का ढक्कन हटाकर जरूर चलाएं नही तो ऐप्पल पाई कड़ाही में चिपक जाएगी। 
  6. 8 मिनट के बाद या जब सेब के टुकड़े एकदम नरम हो जाएँ तब गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें। 
विधि
ऐप्पल पाई बनाने के लिए-
  1. 45 मिनट बाद आटे को एक बार फिर से हाथ से मसल- मसलकर चिकना कर लें। 
  2. अब आटे को 2 भागों में बाँट लें। एक भाग 2/3 रखें और एक भाग 1/3 रखें। 
  3. अब 2/3 वाला बड़ा आटे का बॉल लें और 10 इंच के व्यास में रोटी बेल लें। 
  4. रोटी पर काँटे[ फोर्क] की सहायता से हल्के हाथों से छेद कर दें। 
  5. अब एक केक टिन को बटर, घी या तेल लगाकर चिकना कर लें और टिन में रोटी रख दें। 
  6. किनारों पर अच्छे से दबा दबाकर चिपका दें और अतिरिक्त आटा अगर किनारों से बाहर निकल रहा हो तो उसे हटा दें। 
  7. अब उसमे ऐप्पल पाई का पूरा भरावन डाल दें और अच्छे से सब तरफ फैला दें। 
  8. अब आटे का छोटा 1/3 वाला बॉल लें और उसे भी रोटी की तरह थोड़ा मोटा ही बेल लें। 
  9. अब उसकी पतली- पतली पट्टियाँ काट लें। 
  10. इन पट्टियों को ऐप्पल पाई पर पहले लंबा लंबा लगाएँ और फिर चौड़ाई मे लगाएँ। ऐसा करने से ऐप्पल पाई की ऊपर की परत गणित के [+] की तरह बन जाएगी। 
  11. अच्छे से चिपका दे। 
  12. ब्रश की सहायता से थोड़ा दूध ऐप्पल पाई पर लगा दें और थोड़ी सी शक्कर छिड़क दें। 
  13. ऐप्पल पाई को प्री -हीटेड ओवेन में 180 डिग्री  पर  35-40 मिनट के लिए बेक कर ले । 
  14. अगर आपके पास ओवेन नहीं है तो कूकर में भी ऐप्पल पाई बनाई जा सकती है । 
  15. इसके लिए कूकर को गैस पर रखें। कूकर में 2 कप नमक डाल दें और10 मिनट तक गरम कर ले , गैस धीमी करे और कूकर में सावधानी से एक जाली स्टैंड रख दें ।
  16. जाली स्टैंड पर ऐप्पल पाई वाला टिन रख दें। कूकर के ढक्कन का रबर और सीटी निकाल दें और ढक्कन लगा कर लो- मीडियम फ्लेम पर 30 मिनट तक पका लें। ऐप्पल पाई को निकाल लें और ठंडा होने के लिए रख दें।  
स्वादिष्ट ऐप्पल पाई तैयार है। हल्का गरम रह जाने पर 6 बराबर भागो में ऐप्पल पाई को काट लें और वनीला आइस्क्रीम के साथ सर्व करें।

दोस्तों , आशा करती हूँ की आपको मेरी ये ऐप्पल पाई की रेसेपी पसंद आई होगी। इस ईस्टर पर आप भी ये रेसेपी बनाए और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 

धन्यवाद।। 



10 comments:

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...