Search This Blog

Sunday, June 27, 2021

इटालियन स्टाइल वेजीटेबल चीज लजानिया- Italian Style Vegetable Cheese Lasagna Recipe In Pan





















नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम इटालियन वेजीटेबल चीज लजानिया बनाएँगे। लजानिया एक बेहतरीन स्वाद वाली इटैलियन डिश है। आम तौर पर यह माना जाता है कि इस डिश की उत्पत्ति इटली में हुई है, लेकिन कुछ लोगों का यह भी मानना है कि लजानिया शब्द यूनानी भाषा के '' ल्ज्याना'' शब्द से उत्पन्न हुआ है, जिसका अर्थ होता है- पॉट का स्टैंड। रोमवासियों ने इस शब्द को '' लसानाम'' के रूप में ग्रहण किया। लैटिन भाषा में जिसका अर्थ होता है- खाना पकाने का बर्तन। इटली के लोग इस शब्द का इस्तेमाल उस बर्तन के लिए करते थे , जिसमें लजानिया बनता था। बाद में इस स्वादिष्ट पकवान का नाम भी '' लजानिया '' ही पड़ गया। लजानिया बनाने की विधि को सबसे पहले इंग्लैंड में प्रकाशित सबसे पहली पाक- पुस्तक में विशेष रूप से प्रकाशित किया गया था। लजानिया पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है। खासकर इटली में तो इसे विभिन्न तरीकों से बनाया जाता है।  पिज्जा और पास्ता तो सभी बहुत ही आसानी से बना लेते हैं, लेकिन जब बात लजानिया की हो तो ज़्यादातर लोग या तो इस डिश से अंजान होते हैं या जिन्होने इसका नाम सुना है , इसे खाया है वो लोग  रेस्टुरेंट का रूख ही  करते हैं। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है, क्यूंकि इस लेख के माध्यम से घर में स्टेप बाई स्टेप पैन में वेजीटेबल चीज लजानिया बनाने की आसान विधि बताई गयी है। अब आपके लिए  लजानिया कोई अंजान डिश नहीं रहेगी और न ही इसे बनाने में कोई असुविधा होगी।  लजानिया बनाने के लिए पास्ता शीट्स के ऊपर अलग - अलग प्रकार की फिलिंग [ भरावन ] डालकर लेयरिंग की जाती है और फिर चीज और तुलसी के पत्ते डालकर ओवन में इसे बेक किया जाता है। इटैलियन कुजिन में तुलसी के पत्तों का भरपूर उपयोग किया जाता है। आम तौर पर लजानिया मांस के साथ ओवन में  पकाया जाता है, लेकिन आज हम सब्जियों और चीज को डालकर पैन में  वेज लजानिया बनाएँगे । सब्जियों और चीज के साथ पैन में भी लजानिया बहुत आसानी से बन जाता है और इसका स्वाद भी काफी  लाजवाब होता है । तो चलिये विश्व भर में मशहूर मजेदार इटालियन वेजीटेबल चीज लजानिया बनाना शुरू करते हैं। 

1- लजानिया / पास्ता शीट बनाने के लिए 

सामग्री 

  1. मैदा - 3/4 कप 
  2. ऑलिव ऑइल / रिफाइंड ऑइल - 2 टेबल- स्पून 
  3. नमक - 1/4 टी- स्पून 
  4. पानी - आवश्यकतानुसार [ आटा गूँथने के लिए ]
  5. सूखा मैदा -  पास्ता  शीट बेलने के लिए                           

विधि 
  1. सबसे पहले मैदे में ऑलिव ऑइल और नमक डालकर मिक्स कर दें। इटैलियन डिशेस में ऑलिव ऑइल ही डाला जाता है। आप चाहें तो रिफाइंड ऑइल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। 
  2. इसके बाद थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूँथकर तैयार कर लें। 
  3. आटे को ढँककर 20 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए छोड़ दें। 
  4. इसके बाद लोई को 3 बराबर भागों में बाँट लें। 
  5. सूखा मैदा लगाते हुए पैन के साइज के हिसाब से उतना बड़ा पास्ता शीट बेलकर तैयार कर लें। पास्ता शीट पतला ही बेलें। 
  6. तीनों लोइयों से इसी प्रकार पास्ता - शीट बेलकर तैयार कर लें। 
  7. इस बात का ध्यान जरूर रखें कि जितना बड़ा आपका पैन है, पास्ता शीट उतना ही बड़ा बेलें। ताकि पैन में आसानी से आ सके। 
  8. पास्ता- शीट को किसी जाली पर अलग- अलग  फैलाकर पंखे के नीचे आधे घंटे के लिए रख दें। जिससे उनमें दोनों तरफ से हवा लगे और पास्ता शीट सब तरफ से बराबर सूख जाए। आप चाहें तो रेडीमेड पास्ता शीट या ब्रेड का  उपयोग भी कर सकते हैं। 
  9. जब तक पास्ता शीट सूख रही है, तब तक सब्जियाँ और सौसेज बनाकर तैयार कर लें।  

2- वेजीटेबल लेयरिंग के लिए

सामग्री 
  1. मक्खन - 2 टेबल - स्पून 
  2. ऑलिव ऑइल / रिफाइंड ऑइल - 1 टेबल - स्पून 
  3. बारीक कटा लहसून- 1 टेबल - स्पून 
  4. बारीक कटी प्याज़ - 1/2 कप 
  5. बारीक कटा टमाटर- 1/2 कप 
  6. बड़े टुकड़ों में कटी लाल, पीली व हरी शिमला मिर्च - 1/2 कप 
  7. बारीक कटा गाजर- 1/2 कप 
  8. बारीक कटी पालक - 1/4 कप 
  9. बारीक कटी ब्रोकोली - 1/4 कप 
  10. उबले हुए कॉर्न के दाने - 1/4 कप 
  11. रेड चिली फ़्लेक्स - 1/2 टी- स्पून 
  12. ओरिगैनो - 1 टी- स्पून 
  13. नमक- स्वादानुसार 
विधि 

  1. सबसे पहले गैस पर एक पैन गरम होने के लिए रख दें और पैन में मक्खन और तेल डालकर धीमी आंच पर गरम कर लें। 
  2. जब तेल और मक्खन अच्छे से गरम हो जाए , तब उसमें बारीक कटा लहसून डालकर धीमी आंच पर 20- 25 सेकेंड्स के लिए भून लें। 
  3. इसके बाद पैन में प्याज़ डालकर थोड़ा सा गुलाबी होने तक पका लें। आंच धीमी ही रखें। 
  4. इसके बाद पैन में टमाटर, तीनों प्रकार की  शिमला मिर्च , गाजर , ब्रोकोली और स्वादानुसार नमक डाल दें और ढँककर 2-3 मिनट तक सब्जियों को  मीडियम फ्लेम पर पका लें। 
  5. 2-3 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर रेड चिली फ़्लेक्स , ओरिगैनो,  पालक और उबले हुए कॉर्न के दाने डाल दें और ढँककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट और पका लें। 
  6. ध्यान रखें कि सब्जियों को 5-6 मिनट से ज्यादा न पकाएँ। 
  7. 5-6 मिनट बाद गैस बंद कर दें। 
  8. आप चाहें तो इसमें ज्यूकिनी, मशरूम आदि भी डाल सकते हैं।        
3- रेड सॉस / पिज्जा सॉस के लिए 

सामग्री 

  1. बड़े साइज़ के टमाटर - 6 
  2. पानी - 1/2 कप 
  3. बटर / मक्खन - 1 टेबल - स्पून 
  4. बारीक कटा लहसून - 1 टेबल- स्पून 
  5. मीडियम साइज़ की बारीक कटी प्याज़ - 1 
  6. काली मिर्च पाउडर- 1/4 टी- स्पून 
  7. ओरिगैनो - 1/2 टी- स्पून 
  8. रेड चिली फ़्लेक्स - 1/2 टी- स्पून 
  9. लाल मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून  
  10. टोमॅटो केचप - 2 टेबल स्पून 
  11. नमक- स्वादानुसार  
विधि 

  1. सबसे पहले टमाटर को अच्छे से धो लें और एक कूकर में सारे टमाटर और 1/2 कप पानी डालकर तेज आंच पर 3-4 सीटी आने तक पका लें। 
  2. इसके बाद टमाटर को ठंडा करके मिक्सर में डालकर ब्लेन्ड कर लें और प्युरी बना लें। 
  3. अब एक पैन में 1 टेबल - स्पून बटर डालकर धीमी आंच पर गरम कर लें। 
  4. जब बटर गरम हो जाए तब उसमें लहसून  डालकर पका लें। 
  5. लहसून के बाद पैन में 1 मीडियम साइज की बारीक कटी प्याज़ डालकर भून लें। 
  6. इसके बाद पैन में टमाटर प्युरी डालकर मिक्स कर दें और इसमें काली मिर्च पाउडर , ओरिगैनो , रेड चिली फ़्लेक्स , लाल मिर्च पाउडर, नमक  और अंत में टोमॅटो केचप डालकर मिक्स कर दें और ढँककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पका लें। 
  7. स्वादिष्ट पिज्जा सॉस बनकर तैयार है। इस सॉस का इस्तेमाल पिज्जा , पास्ता आदि बनाने के लिए भी किया जा सकता है। 
  8. आप चाहें तो रेडीमेड पिज्जा सॉस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं लेकिन घर की बनी सॉस का स्वाद ज्यादा अच्छा होता है। 

4- वाईट सॉस बनाने के लिए 

सामग्री 
  1. बटर - 1 टेबल - स्पून 
  2. मैदा - 2 टेबल- स्पून 
  3. दूध - 1 कप 
  4. काली मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  5. ओरिगैनो - 1/2 टी- स्पून 
  6. नमक- 1/2 टी- स्पून 
विधि 
  1. सबसे पहले पैन में बटर डालकर गरम कर लें और उसमें मैदा डालकर धीमी आंच पर अच्छी खुशबू आने तक भून लें।
  2. थोड़ा - थोड़ा दूध डालकर चलाते रहें, ताकि गुठली न बने। 
  3. इसके बाद काली मिर्च पाउडर, ओरिगैनो और नमक डालकर मिक्स कर दें और लो फ्लेम पर 2-3 मिनट तक पका लें। 
  4. वाईट सॉस तैयार है। अब हम लजानिया बनाएँगे। 

5-  लजानिया बनाने के लिए 

सामग्री 
  1. तेल- 1 टेबल - स्पून 
  2. कद्दूकस किया मोंजरेला चीज - 1/2 कप 
  3. कद्दूकस किया प्रोसेस्ड चीज - 1/2 कप 
  4. मिक्स हर्ब्स - 1 टी- स्पून 
  5. तुलसी के पत्ते - 10- 12 
विधि- 
  1. सबसे पहले जिस पैन में आपको लजानिया बनाना है उसमें 1 टेबल- स्पून ऑलिव - ऑइल  / तेल डालकर गरम कर लें। 
  2. अब पैन में सबसे पहले सब्जियों की एक लेयर चारों तरफ लगा दें। 
  3. सब्जियों की लेयर के ऊपर एक पास्ता शीट रख दें। 
  4. पास्ता शीट पर 2 टेबल- स्पून रेड सॉस और 2 टेबल- स्पून वाईट सॉस डालकर मिक्स कर दें और सब तरफ फैला दें। 
  5. सौसेज के बाद सब्जियों की एक लेयर लगा दें। 
  6. सब्जियों की लेयर के ऊपर थोड़ा- थोड़ा दोनों प्रकार की चीज , थोड़ी सी मिक्स हर्ब्स और 3-4 तुलसी के पत्ते सब तरफ लगा दें। 
  7. दूसरी और तीसरी शीट के साथ भी यही प्रक्रिया दोहराएँ। 
  8. फिर पैन को ढँककर पहले धीमी आंच पर 10 मिनट तक पका लें। 
  9. 10 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर एक चम्मच की सहायता से चीज को चारों तरफ फैला दें। 
  10. फिर पैन को ढँककर 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर और पका लें। ध्यान रखें कि लजानिया को  टोटल 15 मिनट से ज्यादा न पकाएँ।
  11. अगर आप ओवन में बेक करना चाहें तो  प्री हीटेड ओवन में 180 डिग्री पर 15 -18 मिनट तक बेक कर लें। 
  12. 15 मिनट बाद  गैस बंद कर दें और काटकर गरमागरम चीज लजानिया सर्व करें।        

दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको मेरी वेजीटेबल चीज लजानिया की ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर इटालियन स्टाइल वेजीटेबल चीज लजानिया बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 
अन्य स्वादिष्ट रेसिपीज़ के लिए यहाँ क्लिक करेंwww.swaadbhisehatbhi.com

4 comments:

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...