Search This Blog

Sunday, June 13, 2021

ओडिशा का प्रसिद्ध छेना पोडा [ छेना केक ] - Odisha ' s Famous Chhena Poda Recipe in Cooker


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम ओडिशा का प्रसिद्ध छेना केक बनाएँगे, जिसे छेना पोडा भी  कहा जाता है। यह ओडिशा की प्रमुख मिठाई है। छेना पोडा छेने से बना हुआ एक मीठा केक होता है, जिसे  सूजी , शक्कर , ईलाईची पाउडर और कुछ नट्स डालकर तैयार  किया जाता है। छेना , शक्कर और सूजी को मिलाकर इसे तब तक पकाया जाता है , जब तक छेना जलकर रेड ब्राउन न हो जाए। छेना पोडा गाय के  दूध से  ताजा छेना बनाकर तैयार किया जाता है, क्यूंकि गाय के दूध का छेना बहुत अच्छा बनता है।   ऐसी मान्यता है कि छेना पोडा भगवान जगन्नाथ को बहुत प्रिय है। दुर्गा पूजा और दिवाली के अवसर पर भी ओडिशा में छेना पोडा विशेष रूप से बनाया  जाता है। पारंपरिक तौर पर इसे बनाने के लिए छेने को केक का आकार देकर साल के पत्तों में अच्छे से लपेटकर लकड़ी या कोयले की  भट्टी में 2-3 घंटे तक पकाया जाता है। इसके बाद सामने आती है , लाजवाब स्वाद की अनूठी मिसाल। आजकल भट्टी , कोयले आदि का जमाना तो रहा नहीं, इसलिए अब लोग छेना पोडा कूकर या ओवन में ही बना लेते हैं। 

  कहते हैं कि जो डिश अकस्मात बन जाए उसका स्वाद काफी उम्दा  होता है। छेना पोडा के साथ भी ऐसा ही हुआ। छेना पोडा का ईजाद भी  संयोगवश हुआ। वैसे इसके आविष्कार का श्रेय ओडिशा के नयागढ़ स्थित एक दुकान के मालिक श्री सुदर्शन साहू जी को जाता है। बात 1947 की है। सुदर्शन साहू का नयागढ़ के दसपल्ला इलाके में एक होटल था। एक दिन उनके होटल में छेना बच गया, तो उन्होने यह सोचकर उसमें शक्कर मिला दिया कि छेना खराब नहीं होगा। इसे उठाकर उन्होने एक भट्टी में रख दिया, जो पहले से ही इस्तेमाल किए जाने के कारण गरम थी। भट्टी में रखकर सुदर्शन जी छेना को भूल गए। जब अगले दिन उन्हें याद आया तो उन्होने भट्टी में से छेना बाहर  निकाला। भट्टी में रखा हुआ छेना एक केक का रूप ले चुका था। जब उन्होने इसे चखा , तो उन्हें इसका स्वाद बहुत अच्छा लगा। उन्होने ही इसे नाम दिया - '' छेना - पोडा ''।  

उड़िया भाषा में छेना पोडा का मतलब होता है - जला हुआ पनीर। यह डिश आज ओडिशा की आत्मा में बस चुकी है। खासकर कटक व भुवनेश्वर हाइवे पर स्थित मिठाई की  दुकानों में छेना पोडा आपको आसानी से  मिल जाएगा। जब भी आपको ओडिशा जाने का अवसर मिले, छेना पोडा जरूर ट्राइ करें। यह आपको बहुत पसंद आएगा। वैसे तो छेना पोडा आपको केवल भारत के पूर्वी राज्यों में ही मिलेगा, लेकिन आज मैं आपके लिए ओडिशा के प्रसिद्ध छेना पोडा की आसान रेसिपी लायी हूँ। जिसका उपयोग करके आप कभी  भी , कहीं भी आसान तरीके से छेना पोडा बना सकते हैं और इसके स्वाद का आनंद ले सकते हैं। इस रेसिपी में ओवन और कूकर दोनों  में छेना पोडा बनाने की विधि बताई गयी है। लेकिन आज हम कूकर में छेना पोडा बनाएँगे।  तो चलिये  बेमिसाल छेना पोडा बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 

  1. गाय का दूध - 2 लीटर
  2. नींबू - 2 
  3. शक्कर - 3/4 कप 
  4. ईलाईची पाउडर- 1 टी- स्पून 
  5. बारीक कटे काजू - 8-10 
  6. बारीक कटे बादाम - 5-6 
  7. बारीक कटा पिस्ता - 6-7 
  8. किशमिश - 7-8 
  9. सूजी - 2 टेबल- स्पून 
  10. घी- 2 टेबल- स्पून 
  11. छेने का पानी - 2 टेबल - स्पून 
  12. नमक - चुटकी भर 
विधि 
  1. सबसे पहले एक पतीले या भगौने में गाय का दूध डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें। दूध में पानी न डालें। 
  2. जब तक दूध उबल रहा है तब तक 2 नींबुओं को निचोड़कर उसका रस निकाल लें और रस को एक बार छन्नी से छान लें, ताकि उसके बीज व रेशे निकल जाएँ। अब जितना नींबू का रस है उतना ही उसमें पानी डालकर मिक्स कर दें और एक तरफ रख दें। 
  3. नींबू के रस का उपयोग हम दूध को फाड़ने के लिए करेंगे। आप चाहें तो नींबू के रस की जगह पर वाईट विनेगर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। बस 2 टेबल - स्पून विनेगर में 2 टेबल- स्पून पानी डालकर मिक्स कर दें और दूध को फाड़ लें। 
  4. जब दूध में 1 उबाल आ जाए तब गैस धीमी कर दें और दूध में थोड़ा - थोड़ा नींबू का रस डालते  जाएँ और चलाते जाएँ। ध्यान रखें कि नींबू का रस या विनेगर हमें  धीमी आंच पर थोड़ा - थोड़ा करके ही डालना होता है, नहीं तो छेना कड़क बनेगा। 
  5. थोड़ी ही देर में दूध फट जाएगा और दूध में से  छेना अलग और हरा- हरा पानी अलग  दिखाई  देने लगेगा। तब गैस बंद कर दें और छेने को एक कपड़े की सहायता से छान लें। 
  6. छेने का पानी फेंके नहीं। यह पानी थोड़ा सा छेना पोडा में इस्तेमाल होगा और बाकी बचे हुए पानी को आप सब्जी की करी बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। 
  7. इसके बाद एक बार छेने को धो लें , जिससे छेने से नींबू की महक निकल जाए। 
  8. धोने के बाद छेने को एक बड़ी थाली या परात में निकाल लें और उसे 2-3 मिनट तक हाथों से मसल लें। 
  9. इसके बाद छेने में चीनी , ईलाईची पाउडर , बारीक कटे काजू , बारीक कटे बादाम , बारीक कटे पिस्ते , किशमिश , सूजी , घी , छेने का पानी और चुटकी भर नमक डाल दें  और अच्छे से मिक्स कर दें। 
  10. इस रेसिपी में मुख्य रूप से छेना, सूजी , शक्कर और ईलाईची पाउडर का इस्तेमाल ही किया जाता है। ड्राइ फ्रूट्स इस रेसिपी में वैकल्पिक हैं। अगर आपके पास हों तो डाल दें वरना इसके बिना भी छेना पोडा बनाया जा सकता है। 
  11. थोड़ी देर के लिए छेना के मिश्रण को रेस्ट करने के लिए छोड़ दें तब तक गैस पर एक कूकर में 2 कप नमक डालकर चारों तरफ फैला दें और कूकर में एक जाली स्टैंड [ जिस पर हम गरम खाना रखते हैं ] रख दें और तेज आंच पर ढक्कन से ढँककर 6-7 मिनट तक नमक को गरम होने दें। 
  12. कूकर की सीटी और रबड़ निकाल दें। 
  13. जब तक नमक गरम हो रहा है, तब तक एक केक टिन या कोई बड़ा बर्तन जो आसानी से कूकर में आ जाए , ले लें और उसमें थोड़ा सा घी लगाकर केक टिन को चिकना कर लें। 
  14. इसके बाद केक टिन में एक बटर पेपर लगा दें और उस पर भी अच्छे से घी लगा दें, जिससे बाद में हमें छेना पोडा निकालने में कोई दिक्कत न हो। 
  15. अब केक टिन में छेना का मिश्रण डाल दें और एक - दो बार पटककर थोड़ा समतल कर लें। 
  16. 6-7 मिनट बाद जब कूकर गरम हो जाए , तब जाली स्टैंड के ऊपर सावधानी से केक टिन रख दें और ढक्कन बंद करके मीडियम फ्लेम पर 1/2 घंटे के लिए पहले बेक कर लें। 
  17. 1/2 घंटे बाद बाद फ्लेम को लो - मीडियम कर दें और फिर से 20- 25 मिनट तक बेक कर लें। 
  18. मुख्य रूप से छेना पोडा को पकने में 30 मिनट और अच्छा कलर आने में 20-25 मिनट यानि टोटल 50- 55 मिनट का समय लगता है। 
  19. अगर आप कूकर की जगह ओवन का इस्तेमाल कर रहे हों तो ओवन को पहले 180 डिग्री पर प्री - हीट कर लें। इसके बाद ओवन में छेना पोडा रखकर पहले 15 मिनट के लिए बेक कर दें और फिर अंत में 5-7 मिनट के लिए 220 डिग्री पर अच्छा कलर आने तक बेक कर लें। 
  20. कूकर में 50-55 मिनट [या ओवन में 20- 22 मिनट ] तक बेक करने के बाद स्वादिष्ट छेना पोडा बनकर तैयार हो जाता है। 
  21. गैस बंद कर दें और छेना पोडा को बाहर निकाल दें। 
  22. इसे बर्तन से बाहर निकालने के लिए पहले बर्तन के चारों तरफ से चाकू की सहायता से  छेना पोडा को अलग कर लें  और फिर एक प्लेट पर ऊलटा करके पेंदी में हाथ से थोड़ा थपथपा दें , जिससे छेना पोडा आसानी से बाहर आ जाए। बटर पेपर भी निकाल दें। 
  23. इसे तुरंत न काटें। 10 मिनट के लिए पहले थोड़ा ठंडा हो जाने दें । उसके बाद ही काटें। 
  24. स्वादिष्ट छेना पोडा बनकर तैयार है। बाहर से क्रिस्प और अंदर से नरम व रसीला छेना पोडा बना है। इसे  मनपसंद टुकड़ों में काटकर सर्व करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको छेना पोडा की मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर ओडिशा का प्रसिद्ध छेना पोडा बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

6 comments:

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...