Search This Blog

Saturday, April 24, 2021

उत्तर - प्रदेश और बिहार का प्रसिद्ध मीठा और नमकीन सत्तू का शरबत - Uttar Pradesh and Bihar 's famous Sattu Sharbat - sweet and salty

 


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम सत्तू का शरबत बनाएँगे। सत्तू का शरबत मीठा व नमकीन दो तरीकों से बनाया जाता है और दोनों तरीकों से बना हुआ शरबत बहुत स्वादिष्ट होता है। यह उत्तर- प्रदेश और बिहार की बेहद लोकप्रिय रेसिपी है। उन प्रान्तों में गर्मी बहुत पड़ती है, इसलिए वहाँ के लोग अपने शरीर को ठंडा रखने और अपने आपको लू आदि से बचाने के लिए सत्तू का सेवन करते है।  सत्तू पोषक तत्वों से भरपूर स्वास्थ्य के लिए बहुत ही ज्यादा लाभकारी खाद्य- पदार्थ माना जाता है। सत्तू भुने चने को पीसकर बनाया जाता है। वैसे तो यह बड़ी आसानी से मार्केट में मिल जाता है लेकिन अगर आपको मार्केट में सत्तू नही मिल पा रहा है तो आप छिलका रहित भुने चने मार्केट से ले आयें और उसे मिक्सर में पीसकर सत्तू बना लें। कहीं - कहीं सत्तू में जौ भी मिलाया जाता है। सत्तू में प्रोटीन, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट्स, कैल्शियम, आयरन और कई अन्य पोषक तत्व प्रचुर मात्रा  में पाये जाते हैं। गर्मी के दिन में सत्तू का शरबत न केवल शरीर को ठंडक पहुँचाता है बल्कि शरीर को ऊर्जावान भी बनाए रखता है। बाजार में उपलब्ध कोल्ड - ड्रिंक्स की बजाय घर पर बना सत्तू का शरबत ज्यादा गुणकारी और फायदेमंद होता है। यह हमारे शरीर के लिए एक रामबाण है क्यूंकि यह एक सुपर फूड की श्रेणी में आता है। सत्तू का मीठा व नमकीन शरबत न केवल सेहत के लिहाज से उपयोगी है बल्कि स्वाद में भी बहुत जबर्दस्त होता है और मिनटों में बनकर तैयार भी हो जाता है। तो चलिये स्वाद और सेहत से भरपूर सत्तू का शरबत बनाना शुरू करते है। 

सामग्री -  सत्तू का नमकीन शरबत बनाने के लिए 

  1. चने का सत्तू - 1/2 कप 
  2. ठंडा पानी -  डेढ़ कप
  3. नींबू का रस - 1 टी- स्पून 
  4. बारीक कटी हरी मिर्च - 1/2 [ बीज हटा दें]
  5. भुना जीरा पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  6. काला नमक - 1/2 टी - स्पून 
  7. सादा नमक-  1/4 टी - स्पून या स्वादानुसार 
  8. बारीक कटी प्याज़ - 1 छोटी [ वैकल्पिक]
  9. पुदीना के पत्ते - 6-7 
  10. बर्फ के टुकड़े - 3-4 [ सर्व करने के लिए] 
विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सत्तू , जीरा पाउडर , सादा नमक , काला नमक , बारीक कटी प्याज़ , बारीक कटी हरी मिर्च और नींबू का रस डालकर सूखा ही चम्मच से पहले अच्छे से मिक्स कर लें। 
  2. फिर उसमें पहले 1/2 कप पानी डालें और अच्छे से सारी चीजों को गुठली खत्म होने तक मिला लें। 
  3. उसके बाद शरबत में बचा हुआ 1 कप पानी भी डाल  दें और मिक्स कर दें। 
  4. सत्तू का नमकीन शरबत बनकर तैयार है। 
  5. इसे सर्व करने के लिए 1 ग्लास में सत्तू का शरबत डालें और ऊपर से 6-7 पुदीना  के पत्ते और 3-4 बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडा - ठंडा सर्व करें। 
Note-  अगर आप चाहें तो सारी चीजों को एकसाथ मिक्सर में डालकर पीस लें और शरबत बना लें। 

सामग्री - सत्तू का मीठा शरबत बनाने के लिए 
  1. चने का सत्तू - 1/2 कप 
  2. ठंडा पानी - डेढ़ कप 
  3. पाउडर चीनी / गुड  पाउडर - 2 टेबल - स्पून 
  4. काला नमक - 1/4 टी- स्पून 
  5. नींबू का रस - 1 टी - स्पून 
  6. पुदीना के पत्ते - 2-3 
  7. बर्फ के टुकड़े -  2-3 [ सर्व करने के लिए ]
विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सत्तू , पाउडर चीनी / गुड , काला नमक और नींबू का रस डालकर सूखा ही चम्मच से पहले मिक्स कर लें। 
  2. अब 1/2 कप पानी डालें और सारी चीजों को अच्छे से चलाते हुए बिल्कुल गुठली खत्म होने तक मिक्स कर लें। 
  3. इसके बाद बाकी बचा हुआ 1 कप पानी भी डाल दें और अच्छे से मिक्स कर दें।
  4. सत्तू का स्वादिष्ट मीठा शरबत बनकर तैयार है। 
  5. इसे सर्व करने के लिए एक ग्लास में सत्तू का मीठा शरबत डालें और ऊपर से पुदीना  की 2-3 पत्तियाँ और बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडा - ठंडा सर्व करें। 
Note- 1- आप चाहें तो सारी चीजों को एकसाथ मिक्सर में डालकर पीस लें और शरबत तैयार कर लें। 
          2- पाउडर चीनी की जगह साधारण चीनी भी इस्तेमाल की जा सकती है, बस उसे घुलने में थोड़ा समय ज्यादा लगता है। 

सत्तू के फायदे
  1. गर्मी के मौसम में सत्तू का सेवन करने से न केवल लू से बचाव होता है बल्कि शरीर का तापमान भी नियंत्रित रहता है क्यूंकि सत्तू की तासीर ठंडी होती है। 
  2. सत्तू वजन कम करने में भी काफी मददगार होता है , क्यूंकि इसे खाने या पीने के बाद हमारा पेट लंबे समय तक भरा रहता है और हमें  जल्दी - जल्दी भूख नही लगती है और हम कुछ भी गलत खाने से बच जाते हैं। 
  3. सत्तू प्रोटीन का एक अच्छा स्त्रोत माना जाता है। सत्तू के केवल 1/2 कप में 10 ग्राम प्रोटीन, 178 कैलोरी और 3 ग्राम फैट होता है। 
  4. इसका सेवन करने से पेट संबंधी समस्याएँ भी दूर रहती हैं। 
  5. सत्तू लीवर को मजबूती प्रदान करता है और पेट में एसिडिटी  की समस्या उत्पन्न नही होने देता है। 
  6. सत्तू आसानी से हजम हो जाता है और कब्ज में भी लाभ पहुंचाता है  क्यूंकि इसमें फाइबर्स की भरपूर मात्रा पायी जाती है। 
  7. जौ और चने से बना सत्तू डाईबिटीज़ में भी फायदेमंद होता है । इससे इंसुलिन का लेवल नियंत्रित रहता है। 
  8.  सत्तू शरीर को इंस्टेंट एनर्जी प्रदान करता है। 
  9. महिलाओं में एनीमिया की समस्या सबसे ज्यादा होती है। सत्तू का रोजाना सेवन एनीमिया से छुटकारा दिलाता है क्यूंकि इसमें आयरन और कैल्शियम की भरपूर मात्रा पायी जाती है। 
सुबह - सुबह की भाग - दौड़ में अगर आपके पास नाश्ता बनाने का वक़्त नही है तो 1 ग्लास सत्तू का शरबत बनाकर पी लें । इससे न केवल आपको ठंडक व ताजगी मिलेगी बल्कि आपका पेट भी काफी देर तक भरा रहेगा और आपको दिन भर कार्य करने की ऊर्जा भी मिलती रहेगी। सत्तू से न केवल शरबत बल्कि पराँठे और बाटी आदि भी बनाई जा सकती है जो खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है। 

दोस्तों, आशा करती हूँ , आपको मेरी स्वाद और सेहत से भरपूर सत्तू के मीठे व नमकीन शरबत की ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर इन गर्मियों में सत्तू का मीठा या नमकीन शरबत अपनी पसंद और आवश्यकता के हिसाब से बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 

धन्यवाद॥ 

5 comments:

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...