Search This Blog

Wednesday, April 7, 2021

आम - पन्ना - Aam Panna


नमस्कार।  स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग  में आपका स्वागत है। आज हम आम -पन्ना बनाएँगे, जिसे कच्ची कैरी का शरबत भी कहा जाता है। दोस्तों , गर्मी का मौसम आते ही मार्केट में आम की बहार आ जाती है। आम का स्वाद हम सभी को बहुत पसंद होता है। आम कच्चे हों या फिर पके, हम आम से बहुत सारी चीजें बनाकर तैयार कर सकते हैं, जैसे;- मैंगो लस्सी , आम -पापड़ , मैंगो फ्रूटी , मैंगो मस्तानी , मैंगो आईस- क्रीम , आमरस, मैंगो शेक , आम - पुदीना की  चटनी , आम का आचार , आम की लौंजी आदि । इन्हीं में से एक है , आम- पन्ना, जिसे कच्चे आम [कैरी ] ,  फ्रेश पुदीना के पत्ते , भुना जीरा पाउडर , हींग , सौंफ और शक्कर आदि डालकर बनाया जाता है। गर्मियों में आपके शरीर को लू से बचाने और शरीर के  तापमान [ body temperature ] को स्थिर रखने में आम - पन्ना बहुत सहायक होता है। इससे न सिर्फ प्यास बुझती है बल्कि बॉडी भी रिफ्रेश और हाइड्रेटेड [ refresh and hydrated ] रहती है और यह घर पर आसानी से बनकर तैयार भी हो जाता है। तो चलिये स्वाद और सेहत से भरपूर आम पन्ना बनाना शुरू करते हैं।

सामग्री [ ingredients ] -

  1. कच्चा आम    [raw mango ] - 4 
  2. फ्रेश पुदीना के पत्ते  [fresh mint leaves ] - 1 कप
  3. चीनी  [sugar ]-  3/4 कप 
  4. काला नमक  [black salt ] - 3 टी - स्पून 
  5. भुना जीरा पाउडर[ roasted cumin powder ] - 3 टी - स्पून 
  6. काली मिर्च [ black peeper ] - 8-10
  7. 2 घंटे तक पानी में भिंगाई हुई सौंफ [ fennel seeds ] - 2 टी - स्पून 
  8. हींग [ asafoetida ] - 1 पींच 
  9. पानी - 4-5 कप 
  10. अदरक [ ginger ] - 1/4 इंच का टुकड़ा

सामग्री - [ सर्व करने के लिए ]

  1. भुना जीरा पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  2. पुदीना पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  3. बर्फ के टुकड़े - 3-4  

विधि

  1. सबसे पहले आम को अच्छे से धो लें। अब कूकर में आम , अदरक का टुकड़ा, काली मिर्च और थोड़ा सा पानी डालकर मीडियम फ्लेम पर 3 सीटी आने तक पका लें। 
  2. पुदीना के पत्तों को भी साफ करके , धोकर अलग रख लें। 
  3. 3 सीटी आ जाने पर गैस बंद कर दें और कूकर का प्रेशर खुद से निकलने दें। 
  4. जब कूकर ठंडा हो जाए तो आम को बाहर निकाल लें और थोड़ी देर के लिए आम को  ठंडा होने के लिए छोड़ दें। 
  5. जब आम ठंडे हो जाएँ तब उसका छिलका निकाल दें और हाथ से मसल - मसलकर उसका सारा पल्प निकाल  लें। गुठली हटा दें। 
  6. आप चाहें तो पहले आम को धोकर , पोंछकर उसका छिलका निकाल लें और छोटे - छोटे टुकड़ों में काटकर तब उबालें। 
  7. अब मिक्सर में पहले पुदीना के पत्ते , सौंफ , शक्कर , काला नमक , भुना जीरा पाउडर , हिंग और 1/2 कप पानी डालकर एक बार पीस लें। आप नमक और शक्कर की मात्रा को अपने हिसाब से कम - ज्यादा भी कर सकते हैं। 
  8. उसके बाद मिक्सर का ढक्कन खोलकर आम का पल्प , काली मिर्च और अदरक डालकर  एक बार और मिक्सर को चला दें और बारीक पीस लें। 
  9. अब आम पन्ना में 2 कप पानी डालें और अच्छे से छन्नी से छान लें ताकि अगर आम के  कुछ रेशे रह गए हों  तो निकल जाएँ। 
  10. अब आम - पन्ना में बाकी बचा पानी भी डालकर अच्छे से  मिक्स कर दें। स्वादिष्ट आम -पन्ना बनकर  तैयार है। 
  11. आम - पन्ना  में ऊपर से थोड़ा भुना जीरा पाउडर और थोड़ा सा पुदीना पाउडर डालकर मिक्स कर दें और ढँककर 1/2 घंटे के लिए फ्रीज़ में रख दें। 1/2 घंटे बाद फ्रीज़ से निकालें और ग्लास मे 2-3 बर्फ के टुकड़े  और आम - पन्ना डालकर ठंडा - ठंडा सर्व करें। 

आम - पन्ना के फायदे

  1. गर्मियों में आम का पन्ना शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और लू लगने से बचाता है। 
  2. गर्मी में रोजाना आम - पन्ना पीने से पेट सम्बन्धी समस्याओं से भी छुटकारा मिलता है और पाचन - क्रिया [digestive system ] भी अच्छी रहती है। 
  3. आम - पन्ना में विटामिन -सी और मिनरल्स की भरपूर मात्रा होती है , जिससे रोग - प्रतिरोधक क्षमता [immunity power ] बढ़ती है। 
  4. यह एक प्राकृतिक ठंडा और ताजगी देने वाला पेय [ natural cooling and refreshing drink ] है जिससे हमारे शरीर का तापमान नियंत्रित [ control ] रहता है। 
  5. आम - पन्ना एक शक्तिशाली एन्टी - ऑक्सीडेंट होता है। इसे पीने से कई बड़ी बीमारियों का खतरा भी  काफी हद तक कम हो जाता है। 
  6. गर्मी के मौसम में पसीने के साथ शरीर से आवश्यक सोडियम और ज़िंक भी निकल जाता है और हम थका - थका सा महसूस करते हैं। आम - पन्ना शरीर में जिंक और सोडियम के स्तर को संतुलित बनाए रखता है और हमे ऊर्जावान [energetic ] बनाए रखता है। 
दोस्तों इन गर्मियों आप आम का पन्ना जरूर बनाएँ क्यूंकि यह शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है और पीने में काफी स्वादिष्ट भी  होता है।  आशा करती हूँ कि आपको आम -पन्ना की मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप  भी अपने घर पर आम -पन्ना बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
  
धन्यवाद ॥ 

11 comments:

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...