नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम मॉनसून स्पेशल 5 अलग - अलग प्रकार की रेसिपीज़ बनाएँगे। दोस्तों, बारिश के मौसम का इंतजार सभी लोग बेसब्री से करते हैं। बारिश का मौसम आते ही वातावरण की गर्मी समाप्त हो जाती है और प्रकृति अपनी हरियाली से चारों ओर अपना अनुपम सौन्दर्य बिखेरने लगती है, जो आँखों और मन को बड़ा सुकून देने वाली होती है। क्या आप जानते हैं कि भारत में मॉनसून अरब सागर से उठता है और सबसे पहले केरल राज्य में प्रवेश करता है। फिर धीरे - धीरे देश के बाकी राज्यों की ओर बढ़ता है। मॉनसून आते ही पशु - पक्षी , मनुष्य , प्रकृति आदि सब खुश हो जाते हैं। नदियाँ , तालाब , झरने आदि पानी से भर जाते हैं , मिट्टी से सोंधी - सोंधी खुशबू आने लगती है , किसानों की फसल लहलहा उठती है , पेड़ों पर नयी पत्तियाँ और फूल आ जाते हैं , मोर नाचने लगते हैं और बच्चे बारिश के पानी में अपनी कागज की नाव चलाने लग जाते हैं। कुल मिलाकर बारिश का मौसम सभी के मन में आनंद और उमंग भर देता है।
ऐसे सुहाने मौसम में अक्सर हमारा मन कुछ गरम - गरम और चटपटा खाने का करता है। इसलिए आज मैं इस लेख के माध्यम से आपके लिए 5 अलग - अलग प्रकार की मॉनसून स्पेशल वेज रेसिपीज़ लायी हूँ। ये सभी नाश्ते खाने में जितने स्वादिष्ट हैं , बनाने में उतने ही आसान हैं। आप इन्हें सुबह या शाम किसी भी वक़्त बना सकते हैं। तो चलिये मॉनसून स्पेशल 5 अलग - अलग मजेदार रेसिपीज़ बनाना शुरू करते हैं।
Menu
- पनीर पकौड़ा
- मैसूर बोंडा / बज्जी
- इंदौर के प्रसिद्ध भुट्टे के कीस
- पोटैटो पिनव्हील्स
- मसाला चाय
- पनीर - 250 ग्राम [ चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ ]
- हल्दी पाउडर - 1/4 टी - स्पून
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- गरम मसाला पाउडर - 1/2 टी- स्पून
- जीरा पाउडर - 1/2 टी- स्पून
- धनिया पाउडर - 1/2 टी- स्पून
- चाट मसाला - 3/4 टी- स्पून
- अजवाइन पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- नमक - 1/2 टी- स्पून
- तेल - पकौड़े तलने के लिए
- बेसन - 1 कप
- पानी - 1/2 कप
- हिंग पाउडर- 1 चुटकी
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- नमक - स्वादानुसार
- बारीक कटी धनिया पत्ती - 1 टेबल - स्पून
- तेल - 1 टेबल - स्पून
- हरी चटनी
- टोमॅटो केचप
- सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन निकाल लें और बेसन में थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल बनाकर तैयार कर लें। पानी थोड़ा - थोड़ा करके ही डालें , नहीं तो घोल में गुठली पड़ जाएगी।
- इसके बाद घोल में 1 टेबल - स्पून तेल , हींग , हल्दी पाउडर , लाल मिर्च पाउडर , नमक और बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर मिक्स कर दें और एक तरफ रख दें।
- इसके बाद पनीर में सारे सूखे मसाले जैसे - हल्दी पाउडर , लाल मिर्च पाउडर , गरम मसाला पाउडर , जीरा पाउडर , धनिया पाउडर , चाट मसाला , अजवाइन पाउडर और नमक डालकर मेरिनेट कर दें और एक साइड में रख दें। अगर आपके पास अजवाइन पाउडर नहीं है तो 1/4 टी- स्पून अजवाइन को खरल में कूट लें और घोल में मिक्स कर दें।
- अब एक कड़ाही में आवश्यकतानुसार तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें।
- जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तब गैस मीडियम कर दें और मेरिनेटेड पनीर को एक - एक करके बेसन के घोल में अच्छे से लपेटकर गरम तेल में डालते जाएँ।
- एक बार में 3-4 पकौड़े ही कड़ाही में डालें और आंच मीडियम रखें।
- मिडियम फ्लेम पर पकौड़ों को दोनों तरफ से पलट - पलटकर गोल्डेन ब्राऊन होने तक तल लें और टिशू पेपर पर निकाल लें।
- ऐसे ही सारे पकौड़े बनाकर तैयार कर लें।
- स्वादिष्ट पनीर पकौड़े बनकर तैयार हैं। इसे हरी चटनी और टोमॅटो केचप के साथ गरमागरम सर्व करें।
- ताजी दही - 1/2 कप
- मैदा - 3/4 कप
- चावल का आटा - 1/4 कप
- जीरा - 1/2 टी- स्पून
- बारीक कटा अदरक - 1 टी- स्पून
- बारीक कटी हरी मिर्च - 2
- बारीक कटा करी पत्ता - 8-10 पत्ते
- बारीक कटी हरी धनिया - 1/4 कप
- बेकिंग सोडा - 1/4 टी- स्पून
- पानी - 1/2 कप
- गरम तेल - 2 टेबल - स्पून
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - बोण्डे तलने के लिए
- सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही निकाल लें और उसमें नमक डालकर दही को अच्छे से फेंट लें। जिससे अगर दही में कोई गुठली हो तो निकल जाये । मैसूर बोंडा बनाने के लिए हमेशा ताजी दही का इस्तेमाल ही करें। ज्यादा से ज्यादा 1 दिन पुरानी दही इस्तेमाल की जा सकती है। 2-3 दिन पुरानी खट्टी दही न डालें , नहीं तो बोण्डे का स्वाद खराब हो जाएगा।
- इसके बाद दही में जीरा डाल दें और मिक्स कर दें।
- जीरे के बाद दही में थोड़ा - थोड़ा मैदा डालते जाएँ और चलाते जाएँ।
- मैदे के साथ ही चावल का आटा भी डालकर मिक्स कर दें।
- अब थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल बनाकर तैयार कर लें।
- इसके बाद घोल में बारीक कटा अदरक , बारीक कटी हरी मिर्च , बारीक कटा करी पत्ता और बारीक कटा हरा धनिया डाल दें और मिक्स कर दें।
- अब इसके बाद बेकिंग सोडा डालकर मिक्स कर दें। वैसे तो बाकी चीजों में बेकिंग सोडा अंत में डाला जाता है, लेकिन बोण्डे में पहले ही डालते हैं।
- घोल को अच्छे से मिक्स करके 15 मिनट के लिए ढँककर रख दें।
- 15 मिनट बाद घोल में 2 टेबल - स्पून गरम तेल डाल दें। बोंडा बनाते वक़्त गरम तेल डालने से बोण्डे अंदर से नरम और फुले - फुले बनते हैं।
- गैस पर एक कड़ाही में तेल गरम होने के लिए रख दें। तेल इतना हो , जिसमें बोण्डे अच्छे से तेल में डूब जाएँ।
- जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तब अपने हाथों को पानी लगाकर गीला कर लें और घोल से गोल - गोल बोण्डे बनाते हुए गरम तेल में डालते जाएँ।
- एक साइड से पक जाने पर बोन्डों को पलट दें। दोनों साइड से पलट - पलटकर गोल्डेन ब्राऊन और क्रिस्प होने तक तल लें। आंच मीडियम रखें।
- बोंडों को निकालकर टिशू पेपर पर रख दें।
- गरमागरम मैसूर बोण्डे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।
- ताजे नरम भुट्टे - 4
- घी - 3 टेबल - स्पून
- दूध - 1 कप
- कद्दूकस किया हुआ ताज़ा नारियल - 3 टेबल - स्पून
- बारीक कटी हरी मिर्च - 2
- कद्दूकस किया हुआ अदरक - 1 टी- स्पून
- बारीक कटी धनिया पत्ती - 3 टेबल- स्पून
- हिंग- 1 पींच
- जीरा - 1/2 टी- स्पून
- राई - 1/2 टी- स्पून
- हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- नमक - स्वादानुसार
- चीनी - 1 टी- स्पून
- नींबू का रस - 1 टी- स्पून
- काजू - 10-12 [ बीच से 2 टुकड़ों में तोड़ लें। ]
- सबसे पहले भुट्टे को छीलकर उसके रेशे वगैरह अच्छे से निकाल दें। भुट्टे का कीस बनाने के लिए स्वीट कॉर्न का उपयोग भी किया जा सकता है।
- अब भुट्टे को चारों तरफ से घुमाते हुए कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि हमें केवल भुट्टे के दानों को ही कद्दूकस करना है।
- अब गैस पर एक नॉन - स्टिक कड़ाही या पैन में 3 टेबल - स्पून घी डालकर गरम कर लें। आप घी के स्थान पर रिफाइंड ऑइल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन घी डालने से इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है।
- जब घी अच्छे से गरम हो जाए तब सबसे पहले काजू को धीमी आंच पर तलकर निकाल लें।
- इसके बाद घी में राई , जीरा और हिंग डालकर तड़का लें।
- इसके बाद पैन में बारीक कटी हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक भी डाल दें और उसे भी पका लें।
- अब पैन में हल्दी पाउडर , कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और कद्दूकस किया हुआ भुट्टे का पेस्ट भी डाल दें और लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर 6-7 मिनट तक पकने दें।
- 6-7 मिनट बाद आप देखेंगे कि भुट्टा अच्छे से पककर कड़ाही छोड़ रहा है। अब बस इसी स्टेज पर दूध डाल दें। दूध थोड़ा - थोड़ा करके ही डालें और लगातार चलाते रहें। नहीं तो गुठली पड़ सकती है।
- दूध डालने के बाद चीनी भी डाल दें और धीमी आंच पर ढँककर 5 मिनट तक पकने दें।
- 5 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर कीस को एक बार और चला दें और नमक डालकर मिक्स कर दें।
- नमक डालने के बाद भुट्टे के कीस को बिना ढंके धीमी आंच पर बीच - बीच में चलाते हुए और 6-7 मिनट तक पका लें।
- जब भुट्टे का कीस पककर हलवे की तरह कड़ाही छोड़ने लगे तब ऊपर से नींबू का रस, 1 चम्मच छोड़कर बाकी सारा नारियल , 3-4 काजू छोड़कर बाकी सारा काजू और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दें।
- गैस बंद कर दें। स्वादिष्ट भुट्टे का कीस बनकर तैयार है।
- इसे सर्व करने के लिए एक प्लेट में निकाल लें और ऊपर से बचाए हुए काजू और नारियल के साथ सजाकर गरमागरम सर्व करें।
- मैदा - 1 कप
- सूजी - 1 टेबल - स्पून
- नमक - 1/4 टी- स्पून
- अजवाइन - 1/2 टी- स्पून
- तेल - 4 टेबल - स्पून [ मोयन देने के लिए ]
- पानी - 1/4 कप [ आटा गूँथने के लिए ]
- उबले हुए आलू - 2 [ बड़े साइज़ के ]
- नमक - स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टी - स्पून
- चाट मसाला - 1/2 टी - स्पून
- अमचूर पाउडर - 1/2 टी - स्पून
- जीरा पाउडर - 1/4 टी - स्पून
- धनिया पाउडर - 1/2 टी - स्पून
- सौंफ पाउडर - 1/4 टी- स्पून
- गरम मसाला पाउडर - 1/2 टी - स्पून
- अदरक - लहसून का पेस्ट - 1/2 टी- स्पून
- बारीक कटी धनिया पत्ती - 2 टेबल- स्पून
- मैदा - 2 टेबल- स्पून
- पानी - 2-3 टेबल- स्पून
- तेल - आवश्यकतानुसार [ भाकरवड़ी तलने के लिए ]
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में मैदा निकाल लें। इसमें सूजी , नमक , तेल और हाथों से थोड़ा रगड़कर अजवाइन डाल दें।
- सारी चीजो को एक बार सूखा ही पहले अच्छे से मिक्स कर दें ताकि मैदे के कण - कण में मोयन लग जाये।
- अब थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए समोसे जैसा सख्त आटा गूँथकर तैयार कर लें।
- आटे को गीले कपड़े से ढँककर 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए छोड़ दें।
- तब तक स्टफिंग बनाकर तैयार कर लें।
- सबसे पहले उबले हुए आलूओं को छील लें और छोटे - छोटे टुकड़ों में हाथ से तोड़ लें। आलू को मसलकर चिकना कर लें। उसमें कोई गुठली नहीं होनी चाहिए।
- अब आलू में नमक , चाट मसाला , लाल मिर्च पाउडर , अमचूर पाउडर , जीरा पाउडर , धनिया पाउडर , सौंफ पाउडर , गरम मसाला पाउडर , अदरक - लहसून का पेस्ट और बारीक कटी धनिया पत्ती डाल दें और अच्छे से सारी चीजों को मिक्स कर दें।
- अगर आलू में कोई बड़ा टुकड़ा दिख रहा हो तो उसे भी हाथ से मसल दें। क्यूंकि अगर आलू का बड़ा टुकड़ा रहेगा तो भाकरवडी बनाने में दिक्कत होगी।
- भाकरवड़ी बनाने के लिए स्टफिंग बनकर तैयार है। अब हम भाकरवडी को बनाकर तलेंगे।
- 20 मिनट बाद आटे को एक बार फिर से मसलकर चिकना कर दें।
- अब आटे को 2 बराबर भागों में बाँट दें और स्टफिंग को भी 2 बराबर भागों में बाँट दें।
- आटे का एक भाग लें और दूसरे भाग को ढंका ही रहने दें , जिससे आटा सूखे नहीं।
- अब एक भाग को हाथ से मसलते हुए लोई का शेप दे दें और चकले पर रखकर बिना सूखा आटा लगाए बड़ी व पतली रोटी बेलकर तैयार कर लें। रोटी हमें उतनी ही पतली बेलनी है , जितनी पतली समोसे के लिए बेली जाती है। लेकिन रोटी बड़ी रहेगी।
- अब स्टफिंग में से एक भाग लेकर रोटी पर बीच में रख दें और किनारों से थोड़ा - थोड़ा छोड़ते हुए चम्मच की सहायता से सब तरफ एक जैसा फैला दें।
- अब रोटी को मोड़ते हुए रोल का शेप दे दें। रोटी को पूरा रोल न करें , किनारे आने पर रूक जाएँ, क्यूंकि हमें वहाँ मैदे का घोल लगाकर रोल को चिपकाना होगा।
- इसके लिए जो 2 टेबल - स्पून मैदा है उसमें 2-3 टेबल - स्पून पानी डालते हुए चिकना और पतला घोल बनाकर तैयार कर लें। इस घोल का उपयोग रोल को चिपकाने के लिए और पिनव्हील्स को लपेटने के लिए किया जाएगा।
- किनारों पर मैदे का घोल लगाकर रोल को अच्छे से चिपका दें और रोल के दोनों किनारों को भी मोड़कर अंदर की तरफ चिपका दें। अब चकले पर रोल को थोड़ा घुमाते हुए पतला और लंबा कर लें।
- अब रोल को एक चाकू की सहायता से 1/2 - 1/2 इंच के टुकड़ों में काट लें और हाथ से थोड़ा शेप दे दें। शेप देकर भाकरवडी को एक प्लेट में रखते जाएँ।
- इसके बाद एक कड़ाही में तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें।
- जब तेल गरम हो जाए तब पिनव्हील्स को एक - एक करके मैदे के घोल में लपेटते हुए कड़ाही में डालते जाएँ और मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से पलट - पलटकर सुनहरा और क्रिस्प होने तक तल लें और टिशू पेपर पर निकालते जाएँ।
- ऐसे ही सारे पिनव्हील्स बनाकर तैयार कर लें।
- इतनी सामग्री से 40-45 पिनव्हील्स बनकर तैयार हो जाएँगे।
- स्वादिष्ट पोटैटो पिनव्हील्स बनकर तैयार हैं। इन्हें गरमागरम टोमॅटो केचप के साथ सर्व करें।
- दूध - 3/4 कप
- पानी - 3/4 कप
- चीनी - 2 टेबल - स्पून
- चाय पत्ती - 2 टेबल- स्पून
- अदरक - 1 इंच टुकड़ा
- सौंफ - 1/2 टी- स्पून
- तुलसी के पत्ते - 5-6
- लौंग - 3
- हरी ईलाईची - 2
- काली मिर्च के दाने - 4-5
- दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा
- जायफल - छोटा सा टुकड़ा
- सबसे पहले खरल में अदरक , सौंफ , तुलसी के पत्ते , लौंग , ईलाईची , काली मिर्च के दाने , दालचीनी और जायफल को अच्छे से कूट लें और एक तरफ रख दें।
- इसके बाद एक चाय के पैन में 3/4 कप पानी डालकर गरम होने के लिए रख दें।
- पानी में चाय पत्ती , चीनी और कुटा हुआ मसाला डालकर चम्मच से चला दें ।
- जब पानी में एक उबाल आ जाये , तब गैस धीमी कर दें और धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकने दें , जिससे मसाले पानी में अपना फ्लेवर छोड़ दें।
- इसके बाद पैन में दूध डाल दें और चाय में एक उबाल आने दें।
- एक उबाल आने के बाद चाय को 2-3 मिनट धीमी आंच पर और पकने दें।
- जब चाय अच्छे से पक जाए , अच्छा रंग आ जाए और चाय में से अच्छी खुशबू आने लगे तब गैस बंद कर दें और चाय को कप में छानकर गरमागरम सर्व करें।
Yummy
ReplyDeleteSawdisth chat pate healthy💪 aurkurkure nasta aurr masal wali chai waah maja aagaya
ReplyDeleteAmazing recipes. All the recipes are too good.
ReplyDeleteAmazing recipes all the recipes are yammy
ReplyDelete