Search This Blog

Thursday, July 29, 2021

मॉनसून स्पेशल 5 अलग - अलग प्रकार की रेसिपीज़ - 5 Special Monsoon Treats

नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम मॉनसून स्पेशल 5 अलग - अलग प्रकार की रेसिपीज़ बनाएँगे। दोस्तों, बारिश के मौसम का इंतजार सभी लोग बेसब्री से करते हैं। बारिश का मौसम आते ही वातावरण की गर्मी समाप्त हो जाती है और प्रकृति अपनी हरियाली से चारों ओर अपना अनुपम सौन्दर्य बिखेरने लगती है, जो आँखों और मन को बड़ा सुकून देने वाली होती  है।  क्या आप जानते हैं कि भारत में मॉनसून अरब सागर से उठता है और सबसे पहले केरल राज्य में प्रवेश करता है। फिर धीरे - धीरे देश के बाकी राज्यों की ओर बढ़ता  है। मॉनसून आते ही पशु - पक्षी , मनुष्य , प्रकृति आदि सब खुश हो जाते हैं। नदियाँ , तालाब , झरने आदि पानी से भर जाते हैं , मिट्टी से  सोंधी - सोंधी खुशबू आने लगती है , किसानों की फसल लहलहा उठती है , पेड़ों पर नयी पत्तियाँ और फूल आ जाते हैं , मोर नाचने लगते हैं और बच्चे बारिश के पानी में अपनी कागज की नाव चलाने लग जाते हैं। कुल मिलाकर बारिश का मौसम सभी के मन में आनंद और उमंग भर देता है। 

ऐसे सुहाने मौसम में अक्सर हमारा मन कुछ गरम - गरम और चटपटा खाने का करता है। इसलिए आज मैं इस लेख के माध्यम से आपके लिए 5 अलग - अलग प्रकार की मॉनसून स्पेशल वेज  रेसिपीज़ लायी हूँ।  ये सभी नाश्ते  खाने में जितने  स्वादिष्ट हैं , बनाने में उतने  ही आसान हैं। आप इन्हें सुबह या शाम किसी भी वक़्त  बना सकते हैं। तो चलिये मॉनसून स्पेशल  5 अलग - अलग मजेदार  रेसिपीज़ बनाना शुरू करते हैं। 

Menu 

  1. पनीर पकौड़ा 
  2. मैसूर बोंडा / बज्जी 
  3. इंदौर के प्रसिद्ध भुट्टे के कीस 
  4. पोटैटो पिनव्हील्स 
  5. मसाला चाय 


1- पनीर पकौड़ा 

बारिश का मौसम हो और पकौड़ों का जिक्र न आए , ऐसा तो हो ही नहीं सकता। प्याज़ के , आलू के , मेथी के , गोभी के , पालक आदि के पकौड़े तो हम आए दिन बनाते ही रहते हैं। लेकिन आज हम पनीर के पकौड़े बनाएँगे। आप इसे नाश्ते में या बच्चों को टिफिन में बनाकर दे सकते हैं , उन्हें बहुत पसंद आएंगे। तो चलिये स्वादिष्ट पनीर के पकौड़े बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 
  1. पनीर - 250 ग्राम [ चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ ]
  2. हल्दी पाउडर - 1/4 टी - स्पून 
  3. लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  4. गरम मसाला पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  5. जीरा पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  6. धनिया पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  7. चाट मसाला - 3/4 टी- स्पून 
  8. अजवाइन पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  9. नमक - 1/2 टी- स्पून 
  10. तेल - पकौड़े तलने के लिए 
सामग्री - बेसन का घोल बनाने के लिए 
  1. बेसन - 1 कप 
  2. पानी - 1/2 कप 
  3. हिंग पाउडर- 1 चुटकी 
  4. लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  5. हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  6. नमक - स्वादानुसार 
  7. बारीक कटी धनिया पत्ती - 1 टेबल - स्पून 
  8.  तेल - 1 टेबल - स्पून 
सामग्री - परोसने के लिए 
  1. हरी चटनी 
  2. टोमॅटो केचप 
विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन निकाल लें और बेसन में थोड़ा - थोड़ा  पानी डालते हुए गाढ़ा घोल बनाकर तैयार कर लें। पानी थोड़ा - थोड़ा करके ही डालें , नहीं तो घोल में गुठली पड़ जाएगी। 
  2. इसके बाद घोल में 1 टेबल - स्पून  तेल , हींग , हल्दी पाउडर , लाल मिर्च पाउडर , नमक और बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर मिक्स कर दें और एक तरफ रख दें। 
  3. इसके बाद पनीर में सारे सूखे मसाले जैसे - हल्दी पाउडर , लाल मिर्च पाउडर , गरम मसाला पाउडर , जीरा पाउडर , धनिया पाउडर , चाट मसाला , अजवाइन पाउडर और नमक डालकर मेरिनेट कर दें और एक साइड में रख दें। अगर आपके पास अजवाइन पाउडर नहीं है तो 1/4 टी- स्पून अजवाइन को खरल में कूट लें और घोल में मिक्स कर दें।  
  4. अब एक कड़ाही में आवश्यकतानुसार तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें। 
  5. जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तब गैस मीडियम कर दें और मेरिनेटेड पनीर को एक - एक करके बेसन के घोल में अच्छे से  लपेटकर गरम तेल में डालते जाएँ। 
  6. एक बार में 3-4 पकौड़े ही कड़ाही में डालें और आंच मीडियम रखें। 
  7. मिडियम फ्लेम पर पकौड़ों को दोनों तरफ से पलट - पलटकर गोल्डेन ब्राऊन होने तक तल लें और  टिशू पेपर पर निकाल लें। 
  8. ऐसे ही सारे पकौड़े बनाकर तैयार कर लें। 
  9. स्वादिष्ट पनीर पकौड़े बनकर तैयार हैं। इसे हरी चटनी और टोमॅटो केचप के साथ गरमागरम सर्व करें। 


2- मैसूर बोंडा / बज्जी 


मैसूर बोंडा या बज्जी दक्षिण भारत विशेषकर मैसूर के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड्स में से एक है। इसमें बेसन के स्थान पर मैदे और दही से घोल तैयार किया जाता है। इसे बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। कम सामान से भी अच्छा बोंडा बनकर तैयार हो जाता है। ये बोंडे ऊपर से क्रिस्प लेकिन अंदर से नरम होते हैं। मैसूर बोंडे नारियल की चटनी के साथ सर्व किए जाते हैं। नारियल की चटनी के साथ इनका  स्वाद उभरकर आता है , जो खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है । तो चलिये कुरकुरे और स्वादिष्ट मैसूर बोण्डे बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 
  1. ताजी दही - 1/2 कप 
  2. मैदा - 3/4 कप 
  3. चावल का आटा - 1/4 कप 
  4. जीरा - 1/2  टी- स्पून 
  5. बारीक कटा अदरक - 1 टी- स्पून 
  6. बारीक कटी हरी मिर्च - 2 
  7. बारीक कटा करी पत्ता - 8-10 पत्ते 
  8. बारीक कटी हरी धनिया - 1/4 कप 
  9. बेकिंग सोडा - 1/4 टी- स्पून 
  10. पानी - 1/2 कप 
  11. गरम तेल - 2 टेबल - स्पून 
  12. नमक - स्वादानुसार 
  13. तेल - बोण्डे तलने के लिए 

सामग्री - परोसने के लिए - नारियल की चटनी 
 

विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही निकाल लें और उसमें नमक डालकर दही को अच्छे से फेंट लें। जिससे अगर दही में कोई गुठली हो तो निकल जाये । मैसूर बोंडा बनाने के लिए हमेशा ताजी दही  का इस्तेमाल ही करें। ज्यादा से ज्यादा 1 दिन पुरानी दही इस्तेमाल की जा सकती है। 2-3 दिन पुरानी खट्टी  दही  न डालें , नहीं तो बोण्डे का स्वाद खराब हो जाएगा। 
  2. इसके बाद दही में जीरा डाल दें और मिक्स कर दें। 
  3. जीरे के बाद दही में थोड़ा - थोड़ा मैदा डालते जाएँ और चलाते जाएँ। 
  4. मैदे के साथ ही चावल का आटा भी डालकर मिक्स कर दें। 
  5. अब थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल बनाकर तैयार कर लें। 
  6. इसके बाद घोल में बारीक कटा अदरक , बारीक कटी हरी मिर्च , बारीक कटा करी पत्ता और बारीक कटा हरा धनिया डाल दें और मिक्स कर दें। 
  7. अब इसके बाद बेकिंग सोडा डालकर मिक्स कर दें। वैसे तो बाकी चीजों में बेकिंग सोडा अंत  में डाला जाता है, लेकिन बोण्डे में पहले ही डालते हैं। 
  8. घोल को अच्छे से  मिक्स करके 15 मिनट के लिए ढँककर रख दें। 
  9. 15 मिनट बाद घोल में 2 टेबल - स्पून गरम तेल डाल दें। बोंडा बनाते वक़्त गरम तेल डालने से बोण्डे अंदर से नरम और फुले - फुले बनते हैं। 
  10. गैस पर एक कड़ाही में तेल गरम होने के लिए रख दें। तेल इतना हो , जिसमें बोण्डे अच्छे से तेल में डूब जाएँ। 
  11. जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तब अपने हाथों को पानी लगाकर गीला  कर लें और घोल से गोल - गोल बोण्डे बनाते हुए गरम तेल में डालते जाएँ। 
  12. एक साइड से पक जाने पर बोन्डों को  पलट दें। दोनों साइड से पलट - पलटकर गोल्डेन ब्राऊन और क्रिस्प होने तक तल लें। आंच मीडियम रखें। 
  13. बोंडों को निकालकर टिशू पेपर पर रख दें। 
  14. गरमागरम मैसूर बोण्डे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।  



3- भुट्टे के कीस 


बारिश का मौसम हो और साथ में अंगीठी पर सेंका हुआ गरमागरम भुट्टा , नमक और नींबू लगाकर खाने को मिल जाए तो मज़ा ही आ जाता है। सेंके हुए भुट्टे , कॉर्न चाट , कॉर्न पैटीज़ आदि तो आपने  बहुत खाये होंगे लेकिन आज हम भुट्टे के कीस बनाएँगे। भुट्टे का कीस इंदौर [ मध्य - प्रदेश ] का विशेष खाद्य - पदार्थ है। इसे बनाने के लिए भुट्टे को छीलकर उसके दानों को कद्दूकस किया जाता है। कद्दूकस किया हुआ भुट्टा ही कीस कहलाता है। अगर आप चाहें तो आप  इसे कद्दूकस करके रात को फ्रिज में रख दें और सुबह नाश्ते में फटाफट भुट्टे का स्वादिष्ट कीस बनाकर तैयार कर लें। इसका स्वाद कुछ - कुछ खमन ढोकला की तरह ही होता है और पचने में बहुत आसान होता है। तो चलिये अपने किचन में इंदौरी तड़का लगाते हैं और बनाते हैं , स्वादिष्ट और पौष्टिक भुट्टे के कीस। 

सामग्री 

  1. ताजे नरम भुट्टे - 4 
  2. घी - 3 टेबल - स्पून 
  3. दूध - 1 कप 
  4. कद्दूकस किया हुआ ताज़ा नारियल - 3 टेबल - स्पून 
  5. बारीक कटी हरी मिर्च - 2 
  6. कद्दूकस किया हुआ अदरक - 1 टी- स्पून 
  7. बारीक कटी धनिया पत्ती - 3 टेबल- स्पून 
  8. हिंग- 1 पींच 
  9. जीरा - 1/2 टी- स्पून 
  10. राई - 1/2 टी- स्पून 
  11. हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  12.  कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  13. नमक - स्वादानुसार 
  14. चीनी - 1 टी- स्पून 
  15. नींबू का रस - 1 टी- स्पून 
  16. काजू - 10-12 [ बीच से 2 टुकड़ों में तोड़ लें। ] 
विधि 
  1. सबसे पहले भुट्टे को छीलकर उसके रेशे वगैरह अच्छे से निकाल दें। भुट्टे का कीस बनाने के लिए स्वीट कॉर्न का उपयोग भी किया जा सकता है। 
  2. अब भुट्टे को चारों तरफ से घुमाते हुए कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि हमें  केवल भुट्टे के दानों को ही कद्दूकस करना है। 
  3. अब गैस पर  एक नॉन - स्टिक कड़ाही या पैन में 3 टेबल - स्पून घी डालकर गरम कर लें। आप घी के स्थान पर रिफाइंड ऑइल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन घी डालने से इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है। 
  4. जब घी अच्छे से गरम हो जाए तब  सबसे पहले काजू को धीमी आंच पर तलकर निकाल लें। 
  5. इसके बाद घी में राई , जीरा और हिंग डालकर तड़का लें। 
  6. इसके बाद पैन में बारीक कटी हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक भी डाल दें और उसे भी पका लें।
  7. अब पैन में हल्दी पाउडर , कश्मीरी  लाल मिर्च पाउडर  और कद्दूकस किया हुआ भुट्टे का पेस्ट भी डाल दें और लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर 6-7 मिनट तक पकने दें। 
  8. 6-7 मिनट बाद आप देखेंगे कि भुट्टा अच्छे से पककर कड़ाही छोड़ रहा है। अब बस इसी स्टेज पर दूध डाल दें। दूध थोड़ा - थोड़ा करके ही डालें और लगातार चलाते रहें। नहीं तो गुठली पड़ सकती है। 
  9. दूध डालने के बाद चीनी भी डाल दें और धीमी आंच पर ढँककर 5 मिनट तक पकने दें। 
  10. 5 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर कीस को एक बार और चला दें और नमक डालकर मिक्स कर दें। 
  11. नमक डालने के बाद भुट्टे के कीस को बिना ढंके धीमी आंच पर बीच - बीच में चलाते हुए और 6-7 मिनट तक पका लें। 
  12. जब भुट्टे का कीस पककर हलवे की तरह  कड़ाही छोड़ने लगे तब ऊपर से नींबू का रस, 1 चम्मच छोड़कर बाकी सारा नारियल , 3-4 काजू छोड़कर बाकी सारा  काजू  और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दें। 
  13. गैस बंद कर दें। स्वादिष्ट भुट्टे का कीस बनकर तैयार है। 
  14. इसे सर्व करने के लिए एक प्लेट में निकाल लें और ऊपर से बचाए हुए काजू और नारियल के साथ सजाकर गरमागरम सर्व करें। 



4 - पोटैटो पिनव्हील्स


पोटैटो पिनव्हील्स को आलू भाकरवडी और समोसा पिनव्हील्स के नाम से भी जाना जाता है। भाकरवड़ी गुजरात और महाराष्ट्र का फेमस स्नैक्स है। इन राज्यों में भाकरवड़ी कई तरीकों से बनाई जाती है। आज हम आलू भाकरवड़ी  बनाएँगे। यह समोसे का एक उत्तम विकल्प है। अगर आपको समोसे बनाने में मुश्किल होती है , तो आप यह डिश ट्राई कर सकते हैं। इसका स्वाद काफी कुछ समोसे से मिलता - जुलता है। इसे बनाना बहुत आसान होता है। समोसा पिनव्हील्स को आप शाम के नाश्ते में  या किसी पार्टी के स्टार्टर के तौर पर बना सकते हैं और गरमागरम टोमॅटो केचप के साथ सर्व करके अपने परिवार और मेहमानों का दिल जीत सकते हैं। तो चलिये आलू भाकरवड़ी / समोसा  पिनव्हील्स या पोटैटो पिनव्हील्स बनाना शुरू करते हैं। 


सामग्री - आटा गूँथने के लिए 
  1. मैदा - 1 कप 
  2. सूजी - 1 टेबल - स्पून 
  3. नमक - 1/4 टी- स्पून 
  4. अजवाइन - 1/2 टी- स्पून 
  5. तेल - 4 टेबल - स्पून [ मोयन देने के लिए ]
  6. पानी - 1/4 कप [ आटा गूँथने के लिए ]  
सामग्री - स्टफिंग बनाने के लिए 
  1. उबले हुए आलू - 2 [ बड़े साइज़ के ] 
  2. नमक - स्वादानुसार 
  3. लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  4. चाट मसाला - 1/2 टी - स्पून 
  5. अमचूर पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  6. जीरा पाउडर - 1/4 टी - स्पून 
  7. धनिया पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  8. सौंफ पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  9. गरम मसाला पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  10. अदरक - लहसून का पेस्ट - 1/2 टी- स्पून 
  11. बारीक कटी धनिया पत्ती - 2 टेबल- स्पून 
अन्य सामग्री 
  1. मैदा - 2 टेबल- स्पून 
  2. पानी - 2-3 टेबल- स्पून 
  3. तेल - आवश्यकतानुसार [ भाकरवड़ी तलने के लिए ] 
सामग्री - सर्व करने के लिए 

टोमॅटो केचप 

विधि - आटा गूँथने के लिए 
  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में मैदा निकाल लें। इसमें सूजी , नमक , तेल और हाथों से थोड़ा रगड़कर अजवाइन डाल दें। 
  2. सारी चीजो को एक बार सूखा ही पहले अच्छे से मिक्स कर दें ताकि मैदे  के कण - कण में मोयन लग जाये।
  3. अब थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए समोसे जैसा सख्त आटा गूँथकर तैयार कर लें। 
  4. आटे को गीले कपड़े से  ढँककर 20 मिनट के लिए  सेट होने के लिए छोड़ दें। 
  5. तब तक स्टफिंग बनाकर तैयार कर लें। 
विधि - स्टफिंग बनाने के लिए 
  1. सबसे पहले उबले हुए आलूओं को छील लें और छोटे - छोटे टुकड़ों में हाथ से तोड़ लें। आलू को मसलकर चिकना कर लें। उसमें कोई गुठली नहीं होनी चाहिए। 
  2. अब आलू में नमक , चाट मसाला , लाल मिर्च पाउडर , अमचूर पाउडर , जीरा पाउडर , धनिया पाउडर , सौंफ पाउडर , गरम मसाला पाउडर , अदरक - लहसून का पेस्ट और बारीक कटी धनिया पत्ती डाल दें और अच्छे से सारी चीजों को मिक्स कर दें। 
  3. अगर आलू में कोई बड़ा टुकड़ा दिख रहा हो तो उसे भी हाथ से मसल दें। क्यूंकि अगर आलू का बड़ा टुकड़ा रहेगा तो भाकरवडी बनाने में दिक्कत होगी। 
  4. भाकरवड़ी बनाने के लिए स्टफिंग बनकर तैयार है। अब हम भाकरवडी को बनाकर तलेंगे। 
विधि - भाकरवड़ी बनाने के लिए 
  1. 20 मिनट बाद आटे को एक बार फिर से मसलकर चिकना कर दें। 
  2. अब आटे को 2 बराबर भागों में बाँट दें और स्टफिंग को भी 2 बराबर भागों में बाँट दें। 
  3. आटे का एक भाग लें और दूसरे भाग को ढंका ही रहने दें , जिससे आटा सूखे नहीं। 
  4. अब एक भाग को हाथ से मसलते हुए लोई का शेप दे दें और चकले पर रखकर बिना सूखा आटा लगाए बड़ी व पतली रोटी बेलकर तैयार कर लें। रोटी हमें उतनी ही पतली बेलनी है , जितनी पतली समोसे के लिए बेली जाती है। लेकिन रोटी बड़ी रहेगी। 
  5. अब स्टफिंग में से एक भाग लेकर रोटी पर बीच में रख दें और किनारों से थोड़ा - थोड़ा छोड़ते हुए चम्मच की सहायता से सब तरफ एक जैसा फैला दें। 
  6. अब रोटी को मोड़ते हुए रोल का शेप दे दें। रोटी को पूरा रोल न करें , किनारे आने पर रूक जाएँ, क्यूंकि हमें वहाँ मैदे का घोल लगाकर रोल को चिपकाना होगा। 
  7. इसके लिए जो 2 टेबल - स्पून मैदा है उसमें 2-3 टेबल - स्पून पानी डालते हुए चिकना और पतला घोल बनाकर तैयार कर लें। इस घोल का उपयोग रोल को चिपकाने के लिए और पिनव्हील्स को लपेटने के लिए किया जाएगा। 
  8. किनारों पर मैदे का घोल लगाकर रोल को अच्छे से चिपका दें और  रोल के दोनों किनारों को भी मोड़कर अंदर की तरफ चिपका दें। अब चकले पर रोल को थोड़ा घुमाते हुए पतला और लंबा कर लें। 
  9. अब रोल को एक चाकू की सहायता से 1/2 - 1/2 इंच के टुकड़ों में काट लें और हाथ से थोड़ा शेप दे दें। शेप देकर भाकरवडी को एक प्लेट में रखते जाएँ। 
  10. इसके बाद  एक कड़ाही में तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें। 
  11. जब तेल गरम हो जाए तब पिनव्हील्स को एक - एक करके मैदे के घोल में लपेटते हुए कड़ाही में डालते जाएँ और मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से पलट - पलटकर सुनहरा और क्रिस्प होने तक तल लें और टिशू पेपर पर निकालते जाएँ। 
  12. ऐसे ही सारे पिनव्हील्स बनाकर तैयार कर लें। 
  13. इतनी सामग्री से 40-45 पिनव्हील्स बनकर तैयार हो जाएँगे। 
  14. स्वादिष्ट पोटैटो पिनव्हील्स बनकर तैयार हैं। इन्हें गरमागरम टोमॅटो केचप के साथ सर्व करें। 


5 - मसाला चाय 

बारिश का मौसम और चाय दोनों को एक परफेक्ट कॉम्बिनेशन माना जाता है। बारिश में चाय और पकौड़े किसी का भी दिल जीतने के लिए पर्याप्त होते हैं। क्या आप जानते हैं भारत में चाय , पानी के बाद दूसरा सबसे ज्यादा  पिया जाने वाला पेय है। दोस्तों चाय पीना किसको अच्छा नहीं लगता और बात जब मसाला चाय की आए तो  इसकी खुशबू ही एक अलग सा सुकून दे जाती है और तन - मन में ताजगी भर देती है । इसलिए आज हम मसाला चाय बनाएँगे , जो पीने में तो स्वादिष्ट होती ही है  साथ ही बारिश में होने वाले संक्रमण से भी हमें बचाती है और शरीर को गरम भी रखती है। तो चलिये स्वाद और खुशबू से भरपूर मसाला चाय बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 
  1. दूध - 3/4 कप 
  2. पानी - 3/4 कप 
  3. चीनी - 2 टेबल - स्पून 
  4. चाय पत्ती - 2 टेबल- स्पून 
  5. अदरक - 1 इंच टुकड़ा 
  6. सौंफ - 1/2 टी- स्पून 
  7. तुलसी के पत्ते - 5-6 
  8. लौंग - 3 
  9. हरी ईलाईची - 2 
  10. काली मिर्च के दाने - 4-5 
  11. दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा 
  12. जायफल - छोटा सा टुकड़ा   
विधि 
  1. सबसे पहले खरल में अदरक , सौंफ , तुलसी के पत्ते , लौंग , ईलाईची , काली मिर्च के दाने , दालचीनी और जायफल को अच्छे से कूट लें और एक तरफ रख दें। 
  2. इसके बाद एक चाय के पैन में 3/4 कप पानी डालकर गरम होने के लिए रख दें। 
  3. पानी में चाय पत्ती , चीनी और कुटा हुआ मसाला डालकर चम्मच से चला दें । 
  4. जब पानी में एक उबाल आ जाये , तब गैस धीमी कर दें और धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकने दें , जिससे मसाले पानी में अपना फ्लेवर छोड़ दें। 
  5. इसके बाद पैन में दूध डाल दें और चाय में एक उबाल आने दें। 
  6. एक उबाल आने के बाद चाय को 2-3 मिनट धीमी आंच पर और पकने दें। 
  7. जब चाय अच्छे से पक जाए , अच्छा रंग आ जाए और चाय में से अच्छी खुशबू आने लगे तब गैस बंद कर दें और चाय को कप में छानकर गरमागरम सर्व करें। 

दोस्तों, आशा करती हूँ कि मॉनसून स्पेशल मेरी उपरोक्त सभी रेसिपीज़ आपको पसंद आई होंगी। आप भी इस मॉनसून ये सारी चीजें बनाएँ , उनके मजे लें और अपने अनुभव तथा सुझाव मेरे साथ शेयर करें।
 
धन्यवाद॥ 

अन्य स्वादिष्ट रेसिपीज़ के लिए यहाँ क्लिक करें https://www.swaadbhisehatbhi.com/

Tuesday, July 20, 2021

कर्नाटक का प्रसिद्ध बिसी बेले भात / बिसी बेले हुलियाना - Karnataka's Authentic Bisi Bele Bhath In Udupi Style


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम कर्नाटक के प्रसिद्ध बिसी बेले भात बनाएँगे, जो खाने में काफी टेस्टी होते हैं। बिसी बेले भात का कन्नड़ भाषा में मतलब होता है - '' गरम दाल चावल का मिश्रण ''। यह डिश  कर्नाटक के लगभग हर घर बनाई जाती है। बिसी बेले भात को बिसी बेले हुलियाना भी कहा जाता है। अगर आप पुलाव , बिरयानी, खिचड़ी या रोज वाला दाल - चावल खाकर बोर हो चुके हैं , तो आप इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। बिसी बेले भात कुछ- कुछ खिचड़ी से मिलती- जुलती रेसिपी है, लेकिन इसमें गुड़ , इमली , मूँगफली आदि डाले जाने की वजह से इसका स्वाद खिचड़ी से बिल्कुल अलग होता है। इसे बनाने के लिए एक खास तरीके के मसाले का इस्तेमाल किया जाता है। जिससे इस व्यंजन का स्वाद बहुत अधिक बढ़ जाता है। इस डिश को बिसी बेले भात इसलिए कहा जाता है, क्यूंकि इसे बनाने के लिए 20 चीजों को मिलाकर इसका खास मसाला तैयार होता है, जो इस डिश की जान माना जाता  है। ऐसा कहा  जाता है कि बिसी बेले भात सर्वप्रथम मैसूर पैलेस में बनाया गया था और वहीं से धीरे- धीरे यह डिश पूरे कर्नाटक में फैल गयी और आज कर्नाटक के हर घर या हर उस रेस्टुरेंट में बनाई जाती है, जो उडुपी कूजिन सर्व करते हैं। बिसी बेले भात को आप लंच में  या डिनर  में कभी भी बनाकर खा सकते हैं, क्यूंकि यह एक कंप्लीट मील होता है। यह जितना स्वादिष्ट होता है , उतना ही अधिक पौष्टिक भी होता है। इस रेसिपी में न सिर्फ बिसी बेले भात बनाने की विधि बताई गयी है, बल्कि इसका खास मसाला बनाना भी बताया गया है। इस मसाले को आप एक बार ज्यादा मात्रा में बनाकर एक एयर - टाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं और जब भी कभी बिसी बेले भात खाने का मन हो तो फटाफट बना सकते हैं। यह मसाला फ्रिज में रखकर आसानी से 6 महीने तक चल जाता है। 

बिसी बेले भात की रेसिपी आसान तरीके से समझाने के लिए हमने पूरी प्रक्रिया को 3 चरणों में बांटा है। पहले चरण में तुअर दाल और चावल को अपनी मनपसंद और उपलब्ध सब्जियों के साथ पकाया जाता है। दूसरे चरण में इसका स्पेशल मसाला बनाया जाता है और तीसरे व अंतिम चरण में तड़का लगाकर बिसी बेले भात को मसालों के साथ पकाया जाता है। इसे बनाना बहुत आसान होता है और स्वाद इतना लाजवाब कि बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक एक बार खाने के बाद  हर कोई इसका प्रशंसक बन जाता है। तो चलिये स्वाद और सेहत से भरपूर उडुपी स्टाइल में बिसी बेले भात या बिसी बेले हुलियाना बनाना शुरू करते हैं। 

1-  सामग्री - भात बनाने के लिए 

  1. तुअर / अरहर दाल - 1/4 कप 
  2. चावल - 1/2 कप 
  3. 1/2 इंच टुकड़े में कटी हुई गाजर  -  1 
  4. 1/2 इंच टुकड़े में कटी हुई फ्रेंच बीन्स  - 8-10 
  5. बारीक कटी फूलगोभी - 1/2 कप 
  6. हरी मटर के दाने - 2-3 टेबल- स्पून 
  7. बारीक कटी शिमला मिर्च - 1/2 कप 
  8. बड़े टुकड़ों में कटा आलू - 1 
  9. नमक - 1 टी- स्पून 
  10. देसी घी - 1 टी- स्पून 
  11. पानी - ढाई कप 
  12. बारीक कटा हरा धनिया - 1 टी- स्पून  

विधि 
  1. दाल - चावल को अच्छे से 2-3 बार धोकर 20 मिनट के लिए पानी में भिंगाकर छोड़ दें। 
  2. 20 मिनट बाद दाल - चावल का पानी छानकर अलग कर दें और दाल - चावल को कूकर में डाल दें। 
  3. इसके बाद कूकर में फूलगोभी , गाजर , फ्रेंच बीन्स , आलू और मटर के दाने डाल दें। आप अपनी पसंद के हिसाब से या उपलब्धता के हिसाब से सब्जियों का चयन कर सकते हैं या सब्जियों को कम - ज्यादा कर सकते हैं। उडुपी स्टाइल बिसी बेले भात बनाने के लिए अमूमन इन्हीं सब्जियों का चयन किया जाता है, जो हमने इस्तेमाल किए हैं। 
  4. अब कूकर में  ढाई कप पानी , 1 टी- स्पून नमक और 1 टी- स्पून देसी घी डालकर कूकर का ढक्कन बंद कर दें और मीडियम फ्लेम पर 1 सीटी आने तक पका लें। 
  5. आप चाहें तो दाल - चावल को अलग- अलग पकाकर भी ले सकते हैं, लेकिन उसमें समय थोड़ा ज्यादा लगता है। एक साथ कूकर में पका लेने से काम थोड़ा जल्दी और आसान हो जाता है। 
  6. जब तक दाल - चावल और सब्जी पक रहे हैं , तब तक इसका स्पेशल मसाला बनाकर तैयार कर लें। 

2 - सामग्री - बिसी बेले भात का स्पेशल मसाला बनाने के लिए 
  1. चना दाल - 1 टेबल- स्पून 
  2. सफ़ेद उड़द दाल - 1 टेबल - स्पून 
  3. दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा 
  4. कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल - 4 टेबल- स्पून 
  5. साबुत सुखी लाल मिर्च [ बेडगी या कश्मीरी ] - 2-3 
  6. साबुत धनिया - 1 टेबल- स्पून 
  7. मेथीदाना - 1/4 टी- स्पून 
  8. सौंफ - 1 टी- स्पून 
  9. हरी ईलाईची - 2-3 
  10. खसखस- 1 टेबल- स्पून 
  11. लौंग- 4-5 
  12. जीरा- 1/2 टी- स्पून 
  13. तेजपत्ता - 2 
  14. काली मिर्च - 5-6 
  15. जावित्री - 1 
  16. काली सरसों - 1 टी- स्पून 
  17. जायफल - 1 चने के बराबर टुकड़ा 
  18. हिंग - 1 पिंच
  19. सफ़ेद तिल - 1 टी- स्पून 
  20. हल्दी पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
विधि 
  1. सबसे पहले गैस पर एक पैन गरम होने के लिए रख दें और आंच धीमी कर दें। 
  2. अब पैन में सबसे पहले चना दाल और उड़द दाल को डाल दें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए दालों को गोल्डेन ब्राऊन होने तक और अच्छी खुशबू आने तक ड्राई रोस्ट कर लें और रोस्ट हो जाने पर एक बर्तन में निकाल लें। 
  3. अब उसी पैन में खड़ी धनिया भूनकर निकाल लें। 
  4. धनिया भुन जाने के बाद उसी पैन में जीरा , मेथीदाना , सौंफ , हरी ईलाईची , लौंग , तेजपत्ता , काली मिर्च , जावित्री ,  काली सरसों  , जायफल , हल्दी पाउडर  और हिंग डाल  दें और सारी चीजों को लगातार चलाते हुए ड्राई रोस्ट कर लें और रोस्ट हो जाने पर निकाल लें। 
  5. अब सेम पैन में खसखस और सफ़ेद तिल डालकर धीमी आंच पर लगातार चलते हुए 20 सेकेंड के लिए ड्राइ रोस्ट करके निकाल लें। 
  6. इसके बाद पैन में 1/2 टी- स्पून घी डालें और गरम हो जाने पर उसमें साबुत लाल मिर्च डालकर भुन लें। ध्यान रखें कि मिर्च ऐसी लें जो ज्यादा तीखी न हो लेकिन रंग अच्छा दे। इसलिए बेडगी या कश्मीरी लाल मिर्च का इस्तेमाल ही करें। मिर्च को भूनकर भी बाकी चीजों के साथ निकालकर मिक्स कर दें। 
  7. पूरी प्रक्रिया के दौरान गैस की फ्लेम धीमी रखें और मसालों को लगातार चलाते हुए पकाएँ।
  8. मसालों को ठंडा हो जाने के लिए रख दें और जब मसाले ठंडे हो जाएँ तब इन्हें बारीक पीसकर मसाला तैयार कर लें। बिसी बेले भात बनाने के लिए स्पेशल मसाला बनकर तैयार है। 
  9. कूकर में 1 सीटी आने पर गैस बंद कर दें और कूकर का प्रेशर खुद से निकलने दें।   

3- सामग्री - बिसी बेले भात में तड़का लगाने के लिए 
  1. देसी घी - 3 टेबल- स्पून 
  2. काजू- 10-12 
  3. मूँगफली - 2 टेबल - स्पून 
  4. राई - 1/2 टी- स्पून 
  5. करी पत्ता - 10 -12 
  6. हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  7. बारीक कटा टमाटर - 1 
  8. बारीक कटी प्याज़ - 1 
  9. बारीक कटी हरी मिर्च - 1 
  10. इमली का पल्प - 1 टेबल - स्पून 
  11. हिंग - 1 पिंच 
  12. नमक - 1/2 टी- स्पून 
  13. छोटे टुकड़ों में तोड़ा हुआ / कद्दूकस किया हुआ गुड़ - 1 टेबल - स्पून 
  14. पानी - 1/2 कप   

विधि 

  1. सबसे पहले एक पैन में 2 टेबल - स्पून घी डालकर गरम कर लें । 
  2. जब घी अच्छे से गरम हो जाए तब इसमें काजू और मूँगफली को डालकर धीमी आंच पर भूनकर निकाल लें।
  3. इसके बाद पैन में राई और करी पत्ता  डालकर तड़का लें। 
  4. अब पैन में बारीक कटी प्याज़ डालकर गोल्डेन ब्राऊन होने तक भून लें। 
  5. इसके बाद पैन में बारीक कटी हरी मिर्च, टमाटर , शिमला मिर्च  और नमक डाल दें और ढँककर धीमी आंच पर टमाटर के गलने तक पका लें। 
  6. अब पैन का ढक्कन हटाकर पैन में इमली का पल्प , गुड़ , काजू , मूँगफली  और  बिसी बेले भात का पूरा मसाला डालकर चला दें। 
  7. इसके बाद पैन में 1/2 कप पानी डाल दें और ढँककर तेज आंच पर 2 मिनट पका लें। 
  8. 2 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर तड़के वाले मसाले में कूकर का दाल  - चावल उठाकर डाल दें और अच्छे से सारी चीजों को मिक्स कर दें। 
  9. ऊपर से 1 टेबल - स्पून घी और बारीक कटी हरी धनिया डालकर मिक्स कर दें और  फिर से ढँककर धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पका लें ताकि सारी चीजों का फ्लेवेर दाल - चावल में अच्छे से मिक्स हो जाए। 
  10. 3-4 मिनट बाद गैस बंद कर दें और बिसी बेले भात को ऐसे ही 5 मिनट के लिए ढँककर छोड़ दें। 
  11.  स्वादिष्ट बिसी बेले भात बनकर तैयार है। 
बिसी बेले भात में ऊपर से घी डालकर खारा  बूंदी , रायते , पापड़ और सलाद के साथ गरमागरम सर्व करें। 

दोस्तों, आशा करती हूँ कि उडुपी स्टाइल कर्नाटक के प्रसिद्ध बिसी बेले भात की मेरी ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर बिसी बेले भात / बिसी बेले हुलियाना बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 

धन्यवाद॥ 

अन्य स्वादिष्ट रेसिपीस जानने के लिए यहाँ क्लिक करें https://www.swaadbhisehatbhi.com/

Monday, July 12, 2021

स्टीम्ड वेज मोमोज और उसकी चटनी - Steamed Veg Momos with Delicious Chutney Recipe

 


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम महनगरीय युवाओं और बच्चों में बहुत ही प्रसिद्ध एक मजेदार स्ट्रीट फूड बनाएँगे, जिसका नाम है - मोमोज। मोमोज तिब्बत और नेपाल का एक बहुत ही लोकप्रिय खाद्य है, जिसे  हमारे देश में भी लोग बड़े चाव से सुबह/ शाम के नाश्ते में खाते हैं। नेपाल के रास्ते से मोमोज ने  तिब्बत से हिंदुस्तान तक का सफर तय किया और अब यह डिश पूरे भारत में अपने चटपटे स्वाद के जलवे बिखेर रही है। यह भारत के उत्तर - पूर्वी राज्यों जैसे;- असम , मेघालय , नागालैंड , मणिपुर , सिक्किम इत्यादि में काफी लोकप्रिय है। ''मोमो '' एक चाइनीज शब्द है, जिसका अर्थ होता है-'' भाप में पकी हुई रोटी ''। दरअसल , मोमोज अरुणाचल प्रदेश के मोनपा और शेरदुकपेन जनजाति के खान - पान का एक अहम हिस्सा है। यह जगह तिब्बत बार्डर से बिल्कुल सटी हुई है। इन जगहों पर मोमोज को पोर्क और सरसों की पत्तियों व अन्य हरी सब्जियों की फिलिंग से तैयार किया जाता है। तैयार होने के बाद इसे तीखी मिर्च के साथ सर्व किया जाता है। हालांकि आज देश के प्रत्येक शहर में मोमोज आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। इसमें लोग अपनी पसंद के हिसाब से फिलिंग भरते हैं। मोमोज को अलग - अलग देशों में अलग - अलग नामों से जाना जाता है। तिब्बत और नेपाल के आस- पास के इलाकों में इसे  ''मोमो '' कहते हैं । वहीं चीन में इसे '' डिमसम '' और '' डम्प्लिंग्स '' कहा जाता है। सबसे पहले मोमोज तिब्बत की राजधानी ल्हासा में बनाए गए थे। वहाँ के लोग मोमोज को अपनी डेली डाइट का हिस्सा बनाते हैं। भाप में पकने और ज्यादा मसालेदार न होने के कारण वहाँ के लोग इसे हेल्दी मानते हैं। कुछ लोग यह मानते हैं कि पूरे हिंदुस्तान में सबसे टेस्टी  मोमोज शिलॉन्ग में मिलते हैं, तो कुछ लोगों का यह मानना है कि सबसे अच्छे मोमोज सिक्किम में मिलते हैं। मोमोज सिक्किम के प्रसिद्ध खाद्य - पदार्थों  में से एक है। 

आज के समय में मोमोज को कई नए रूप दिये जा रहे हैं, जो लोगों को काफी पसंद भी आ रहा है। मोमोज को तलकर, भाप में पकाकर, एवं भूनकर पकाया जाता है। इसके साथ ही आजकल तंदूरी मोमोज का चलन भी काफी तेजी से फैल रहा है, जो खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है। आजकल तो बाजार में चॉकलेट मोमोज भी मिल जाते हैं। मोमोज में आप अपनी पसंद के हिसाब से फिलिंग भर सकते हैं। आज हम भाप में पके वेजीटेबल मोमोज और उसकी तीखी लाल चटनी बनाएँगे। मोमोज बनाने के लिए 3 स्टेप्स को अपनाना होता है। पहले स्टेप में आटा गूँथकर तैयार किया जाता है। दूसरे स्टेप में उसकी मजेदार फिलिंग तैयार की जाती है और तीसरे स्टेप में मोमोज में फिलिंग भरकर उसे एक पोटली की तरह बनाकर भाप में पकाया जाता है।  इस रेसिपी में स्टेप बाई स्टेप मोमोज और उसकी चटनी बनाने की विधि बताई गयी है, जिसको अपनाकर आप घर पर आसानी से बाजार से भी अच्छे मोमोज बना लेंगे। तो चलिये स्टीम्ड वेज मोमोज और उसकी चटनी बनाना शुरू करते हैं। 

1 स्टेप -  सामग्री - आटा गूँथने के लिए 

  1. मैदा - 1 कप 
  2. तेल - 1 टी- स्पून 
  3. नमक- 1/4 टी- स्पून 
  4. पानी - आवश्यकतानुसार 
विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन / परात में मैदा , नमक और तेल डालकर सूखा ही मिक्स कर लें। 
  2. फिर थोड़ा- थोड़ा आवश्यकतानुसार पानी डालते हुए नरम आटा गूँथकर तैयार कर लें। 
  3. आटे को 5 मिनट तक मसलते हुए गूँथे। 
  4. फिर ऊपर से हल्का सा तेल लगाकर आटे को आधे घंटे के लिए रेस्ट करने के लिए  ढँककर छोड़ दें। 
  5. तब तक मोमोज की फिलिंग और चटनी तैयार कर लें। 
2 स्टेप -  सामग्री -  मोमोज की स्टफिंग बनाने के लिए 
  1. तेल - 3 टी- स्पून 
  2. बारीक कटा लहसून - 3 - 4 कलियाँ 
  3. बारीक कटा अदरक - 1 टी- स्पून 
  4. बारीक कटा हुआ गाजर - 1/4 कप 
  5. बारीक कटी पत्तागोभी - 1/4 कप 
  6. बारीक कटी शिमला मिर्च - 1/4 कप 
  7. बारीक कटी फ्रेंच बीन्स - 1/4 कप 
  8. बारीक कटी प्याज़- 1/2 कप 
  9. बारीक कटी हरी मिर्च - 2 
  10. सोया सॉस - 1 टी- स्पून 
  11. चिली सॉस - 1 टी- स्पून 
  12. दरदरी कुटी काली मिर्च - 1/4 टी- स्पून 
  13. नमक- स्वादानुसार   
विधि 
  1. सबसे पहले एक कड़ाही में 3 टी- स्पून तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें। 
  2. जब तेल अच्छे से गरम हो जाए , तब आंच धीमी कर दें और तेल में बारीक कटा लहसून , बारीक कटी हरी मिर्च और बारीक कटा अदरक डालकर धीमी आंच पर 1 मिनट तक भून लें। आप चाहें तो अदरक को कद्दूकस भी कर सकते हैं या रेडीमेड अदरक - लहसून के पेस्ट का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। 
  3.  इसके बाद कड़ाही में बारीक कटी प्याज़ डालकर हल्का सा भून लें। 
  4. अब बारीक कटा गाजर, बारीक कटी पत्तागोभी , बारीक कटी शिमला मिर्च , बारीक कटी फ्रेंच बीन्स और स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स कर दें और 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर ढँककर पका लें। 
  5. ध्यान रखें कि सब्जियों को एकदम गलाना नहीं है। उनका क्रंच बरकरार रखना है। 
  6. 2 मिनट बाद कड़ाही का ढक्कन हटाकर फिलिंग में सोया सॉस , चिली सॉस और काली मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर दें और बिना ढंके मिश्रण को तेज आंच पर 1-2 मिनट तक पका लें। 
  7. मोमोज में भरने के लिए स्टफिंग तैयार है। गैस बंद कर दें और स्टफिंग को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए  रख दें। तब तक मोमोज की चटनी तैयार कर लें। 
सामग्री - मोमोज की  चटनी बनाने के लिए 
  1. टमाटर- 3 बड़े साइज के 
  2. सूखी लाल मिर्च - 4-5 
  3. लहसून कि कलियाँ - 4- 5 
  4.  बड़े टुकड़ों में कटा हुआ अदरक - 1 इंच टुकड़ा 
  5. सोया सॉस- 1/2 टी- स्पून 
  6. विनेगर - 1 टी- स्पून 
  7. काली मिर्च पाउडर- 1/4 टी- स्पून 
  8. नमक- स्वादानुसार 
  9. चीनी - 1 टी- स्पून 
  10. पानी - 2 कप 
  11. तेल- 3 टेबल- स्पून 
विधि 
  1. सबसे पहले टमाटरों को अच्छे से धो लें और एक भगोने में 2 कप पानी , सारे टमाटर और सारी सूखी लाल मिर्च डालकर उबलने के लिए रख दें। 
  2. हमें टमाटरों को तब तक पकाना है, जब तक टमाटर अच्छे से गल न जाएँ और उनका छिलका न उतरने लगे। 
  3. जब टमाटर अच्छे से पक जाएँ तब टमाटर और लाल मिर्च को पानी में से छानकर अलग कर दें। 
  4. जब टमाटर अच्छे से ठंडे हो जाएँ , तब उनका छिलका निकाल दें। 
  5. इसके बाद मिक्सर के जार में उबले हुए टमाटर, लाल मिर्च और अदरक  डालकर बारीक पीस लें। 
  6. इसके बाद एक कड़ाही में 3 टेबल - स्पून तेल डालकर गरम कर लें और उसमें बारीक कटा लहसून डालकर धीमी आंच पर पका लें। 
  7. इसके बाद कड़ाही में सोया सॉस , विनेगर , काली मिर्च पाउडर और चीनी डालकर मिक्स कर दें और धीमी आंच पर 1 मिनट तक पका लें। 
  8. इसके बाद कड़ाही में टमाटर- मिर्च वाला पेस्ट और स्वादानुसार नमक डाल दें और मिक्स कर दें। 
  9. मीडियम फ्लेम पर 5-6 मिनट तक चटनी में अच्छा उबाल आने तक पका लें। 
  10. स्वादिष्ट मोमोज की चटनी बनकर तैयार है। गैस बंद कर दें। 
3 स्टेप - विधि - मोमोज को भाप में पकाने के लिए 
  1. सबसे पहले आटे को एक बार और मसलकर चिकना कर लें और उसमें से नींबू के आकार की लोई लेकर पूरी की तरह बेलकर तैयार कर लें। 
  2. अब पूरी में 1 टेबल - स्पून स्टफिंग रखें और चारों तरफ से प्लेट्स डालते हुए मोमोज को पोटली का शेप देते हुए सील कर दें। 
  3. ऐसे ही सारे मोमोज बनाकर तैयार कर लें। 
  4. तब तक स्टीमर में पानी डालकर , ढँककर गैस पर रख दें। 
  5. जब पानी उबलने लगे और स्टीमर में अच्छी भाप बनने लगे, तब स्टीमर को ब्रश की सहायता से तेल लगाकर चिकना कर दें और एक बार में जितने मोमोज स्टीमर में आ सकें,  थोड़ी - थोड़ी दूरी पर रख दें। 
  6. ढँककर मीडियम फ्लेम पर 10-15 मिनट तक पका लें। 
  7. ऐसे ही सारे मोमोज पकाकर तैयार कर लें। 
  8. अगर आपके पास स्टीमर नहीं है, तो मोमोज को इडली स्टैंड में भी बनाया जा सकता है। 
  9. स्वादिष्ट मोमोज बनकर तैयार हैं। इन्हे टमाटर की स्वादिष्ट चटनी के साथ गरमागरम सर्व करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि स्टीम्ड मोमोज और उसकी चटपटी चटनी की  मेरी ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर स्वादिष्ट मोमोज बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

अन्य स्वादिष्ट वेज रेसिपीस जानने के लिए क्लिक करें: https://www.swaadbhisehatbhi.com/

Tuesday, July 6, 2021

रेस्टुरेंट स्टाइल शाही पनीर - Restaurant Style Shahi Paneer Recipe


 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम रेस्टुरेंट स्टाइल शाही पनीर बनाएँगे। दोस्तों, पनीर की सब्जी हम सभी को बहुत पसंद आती है और बात जब शाही पनीर की हो तो फिर क्या कहने। शाही पनीर उत्तर - भारत की लोकप्रिय पनीर की सब्जी है। इसे आप किसी भी पार्टी , फंक्शन या खास अवसर पर बना सकते हैं या जब भी आपका कुछ अच्छा खाने का दिल कर रहा हो तो शाही पनीर बनाकर खाई जा सकती है। जैसा कि इसके नाम से ही स्पष्ट हो रहा है कि शाही पनीर एक शाही सब्जी है । इसमें शाही जायका लाने के लिए पनीर को  प्याज़, टमाटर , काजू , मक्खन और क्रीम आदि  की ग्रेवी में कुछ भारतीय मसालों के साथ पकाकर तैयार किया जाता है। शाही पनीर एक रिच ग्रेवी वाली सब्जी होती है। शाही पनीर कई तरीकों से बनाई जाती है। आज हम बिलकुल रेस्टुरेंट स्टाइल शाही पनीर बनाएँगे, जिसे बनाना जितना आसान है, उतना ही बेमिसाल उसका स्वाद है। तो चलिये रेस्टुरेंट स्टाइल शाही पनीर बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 

  1. पनीर - 250 ग्राम  [ चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ ] 
  2. टमाटर- 3  [ बड़े साइज के] -  [ बड़े- बड़े टुकड़ों में कटे हुए ] 
  3. प्याज़ - 4  [ बड़े साइज़ के ] -   [ बड़े - बड़े टुकड़ों में कटे हुए ] 
  4. अदरक - लहसून का पेस्ट - 1 टेबल- स्पून 
  5. हरी मिर्च - 2  [ बड़े टुकड़ों में कटी ]
  6. काजू - 10-15 [ पानी में भिंगाए हुए] 
  7. क्रीम या ताजी मलाई - 1/2 कप 
  8. लौंग- 3-4 
  9. तेजपत्ता - 1 
  10. दालचीनी - 1/2 इंच टुकड़ा 
  11. हरी ईलाईची - 2 
  12. खसखस - 2 टेबल- स्पून 
  13. जीरा- 1 टी- स्पून 
  14. काली मिर्च - 4-5 
  15. बड़ी ईलाईची - 1 
  16. शाह जीरा - 1/2 टी- स्पून 
  17. हल्दी पाउडर- 1/4 टी- स्पून 
  18. धनिया पाउडर- 1 टी- स्पून 
  19. गरम मसाला पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  20. कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 टी- स्पून 
  21. जावित्री पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  22. फेंटी हुई ताजी दही - 3 टेबल- स्पून 
  23. चीनी- 1 टी- स्पून 
  24. नमक- स्वादानुसार 
  25. पानी - आवश्यकतानुसार [ सब्जी में ग्रेवी बनाने के लिए ] 
  26. कसूरी मेथी - 1 टी- स्पून 
  27. केसर - 2-3 धागे [ 1 टी- स्पून गरम पानी में भिंगाए हुए ] 
  28. घी- 2 टेबल - स्पून 
  29. बटर- 1 टेबल- स्पून
विधि 

  1. सबसे पहले गैस पर एक कड़ाही रखें और कड़ाही में 1 टेबल - स्पून बटर डालकर धीमी आंच पर गरम कर लें। आंच तेज न करें , नहीं तो बटर जल जाएगा। 
  2. जब बटर गरम हो जाए तब उसमें सारे खड़े मसाले जैसे कि  जीरा , तेजपत्ता , दालचीनी , बड़ी ईलाईची , हरी ईलाईची ,लौंग और काली मिर्च डाल दें और 1-2 सेकेंड के लिए धीमी आंच पर पका लें। 
  3. इसके बाद कड़ाही में बड़े टुकड़ों में कटे हुए प्याज़ डाल दें और प्याज़ डालकर भी धीमी आंच पर 2-3 सेकेंड के लिए भून लें। 
  4. इसके बाद कड़ाही में टमाटर, हरी मिर्च , भिंगाए हुए काजू और खसखस डाल दें और चुटकी भर नमक डालकर चला दें। नमक डालने से टमाटर जल्दी गल जाएगा। 
  5. ढँककर धीमी आंच पर 15 - 20 मिनट तक सारी चीजों को अच्छे से पका लें। 
  6. जब सारी चीजें अच्छे से पक जाएँ , तब गैस बंद कर दें और मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने  के लिए रख दें। 
  7. जब मिश्रण अच्छे से ठंडा हो जाए तब इसे पीसकर बिलकुल चिकना पेस्ट तैयार कर लें। 
  8. अब फिर से वही कड़ाही गैस पर रखें और इसमें 2 टेबल - स्पून घी डालकर गरम कर लें। 
  9. जब घी अच्छे से गरम हो जाए तब उसमें शाह जीरा डालकर हल्का सा भून लें और इसके बाद अदरक - लहसून का पेस्ट डाल दें। 
  10. अदरक - लहसून का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर उसका कच्चापन निकलने तक भून लें। 
  11. अगर आपके पास अदरक - लहसून का पेस्ट नहीं है तो 1 इंच अदरक का टुकड़ा छीलकर, धोकर छोटा - छोटा काट लें और 8-10 लहसून को छीलकर प्याज़- टमाटर के साथ ही भूनकर पीस लें। 
  12. इसके बाद कड़ाही में हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर 1 सेकेंड के लिए पका लें। 
  13. इसके बाद कड़ाही में फेंटी हुई दही  डाल दें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पका लें। 
  14. इसके बाद जावित्री पाउडर , नमक , केसर का पानी और चीनी डालकर मिक्स कर दें। 
  15. इसके तुरंत बाद ही प्याज़ - टमाटर वाला पेस्ट और 1 चम्मच क्रीम छोड़कर बाकी सारी क्रीम  डाल दें और धीमी आंच पर ढँककर तब तक पकाएँ , जब तक मसालों से तेल अलग न होने लगे। 
  16. जब मसालों से तेल अलग होने लगे तब इसमें  पनीर के टुकड़े  और आवश्यकतानुसार पानी डाल दें और ढँककर मीडियम फ्लेम पर 5- 7 मिनट तक पकने दें। 
  17. इसके बाद सब्जी में गरम मसाला पाउडर और कसूरी मेथी को हाथों से रगड़कर डाल दें और मिक्स कर दें।ढँककर सब्जी को और 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। 
  18. सब्जी तैयार है। गैस बंद कर दें। 5 मिनट के लिए सब्जी को ऐसे ही ढंके छोड़ दें। 
  19.  5 मिनट बाद सब्जी को एक बाउल में निकालें, बचाए हुए 1 चम्मच क्रीम से सजाएँ और गरमागरम रोटी, पराँठे या नान के साथ सर्व करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको मेरी रेस्टुरेंट स्टाइल शाही पनीर की ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर शाही पनीर बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

पनीर लबाबदार रैसिपि के लिए क्लिक करें :https://www.swaadbhisehatbhi.com/2021/04/Restaurant-style-Paneer-Lababdaar.html

अन्य स्वादिष्ट रेसिपीस के लिए क्लिक करें: www.swaadbhisehatbhi.com

लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...