Search This Blog

Sunday, June 27, 2021

इटालियन स्टाइल वेजीटेबल चीज लजानिया- Italian Style Vegetable Cheese Lasagna Recipe In Pan





















नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम इटालियन वेजीटेबल चीज लजानिया बनाएँगे। लजानिया एक बेहतरीन स्वाद वाली इटैलियन डिश है। आम तौर पर यह माना जाता है कि इस डिश की उत्पत्ति इटली में हुई है, लेकिन कुछ लोगों का यह भी मानना है कि लजानिया शब्द यूनानी भाषा के '' ल्ज्याना'' शब्द से उत्पन्न हुआ है, जिसका अर्थ होता है- पॉट का स्टैंड। रोमवासियों ने इस शब्द को '' लसानाम'' के रूप में ग्रहण किया। लैटिन भाषा में जिसका अर्थ होता है- खाना पकाने का बर्तन। इटली के लोग इस शब्द का इस्तेमाल उस बर्तन के लिए करते थे , जिसमें लजानिया बनता था। बाद में इस स्वादिष्ट पकवान का नाम भी '' लजानिया '' ही पड़ गया। लजानिया बनाने की विधि को सबसे पहले इंग्लैंड में प्रकाशित सबसे पहली पाक- पुस्तक में विशेष रूप से प्रकाशित किया गया था। लजानिया पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है। खासकर इटली में तो इसे विभिन्न तरीकों से बनाया जाता है।  पिज्जा और पास्ता तो सभी बहुत ही आसानी से बना लेते हैं, लेकिन जब बात लजानिया की हो तो ज़्यादातर लोग या तो इस डिश से अंजान होते हैं या जिन्होने इसका नाम सुना है , इसे खाया है वो लोग  रेस्टुरेंट का रूख ही  करते हैं। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है, क्यूंकि इस लेख के माध्यम से घर में स्टेप बाई स्टेप पैन में वेजीटेबल चीज लजानिया बनाने की आसान विधि बताई गयी है। अब आपके लिए  लजानिया कोई अंजान डिश नहीं रहेगी और न ही इसे बनाने में कोई असुविधा होगी।  लजानिया बनाने के लिए पास्ता शीट्स के ऊपर अलग - अलग प्रकार की फिलिंग [ भरावन ] डालकर लेयरिंग की जाती है और फिर चीज और तुलसी के पत्ते डालकर ओवन में इसे बेक किया जाता है। इटैलियन कुजिन में तुलसी के पत्तों का भरपूर उपयोग किया जाता है। आम तौर पर लजानिया मांस के साथ ओवन में  पकाया जाता है, लेकिन आज हम सब्जियों और चीज को डालकर पैन में  वेज लजानिया बनाएँगे । सब्जियों और चीज के साथ पैन में भी लजानिया बहुत आसानी से बन जाता है और इसका स्वाद भी काफी  लाजवाब होता है । तो चलिये विश्व भर में मशहूर मजेदार इटालियन वेजीटेबल चीज लजानिया बनाना शुरू करते हैं। 

1- लजानिया / पास्ता शीट बनाने के लिए 

सामग्री 

  1. मैदा - 3/4 कप 
  2. ऑलिव ऑइल / रिफाइंड ऑइल - 2 टेबल- स्पून 
  3. नमक - 1/4 टी- स्पून 
  4. पानी - आवश्यकतानुसार [ आटा गूँथने के लिए ]
  5. सूखा मैदा -  पास्ता  शीट बेलने के लिए                           

विधि 
  1. सबसे पहले मैदे में ऑलिव ऑइल और नमक डालकर मिक्स कर दें। इटैलियन डिशेस में ऑलिव ऑइल ही डाला जाता है। आप चाहें तो रिफाइंड ऑइल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। 
  2. इसके बाद थोड़ा - थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूँथकर तैयार कर लें। 
  3. आटे को ढँककर 20 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए छोड़ दें। 
  4. इसके बाद लोई को 3 बराबर भागों में बाँट लें। 
  5. सूखा मैदा लगाते हुए पैन के साइज के हिसाब से उतना बड़ा पास्ता शीट बेलकर तैयार कर लें। पास्ता शीट पतला ही बेलें। 
  6. तीनों लोइयों से इसी प्रकार पास्ता - शीट बेलकर तैयार कर लें। 
  7. इस बात का ध्यान जरूर रखें कि जितना बड़ा आपका पैन है, पास्ता शीट उतना ही बड़ा बेलें। ताकि पैन में आसानी से आ सके। 
  8. पास्ता- शीट को किसी जाली पर अलग- अलग  फैलाकर पंखे के नीचे आधे घंटे के लिए रख दें। जिससे उनमें दोनों तरफ से हवा लगे और पास्ता शीट सब तरफ से बराबर सूख जाए। आप चाहें तो रेडीमेड पास्ता शीट या ब्रेड का  उपयोग भी कर सकते हैं। 
  9. जब तक पास्ता शीट सूख रही है, तब तक सब्जियाँ और सौसेज बनाकर तैयार कर लें।  

2- वेजीटेबल लेयरिंग के लिए

सामग्री 
  1. मक्खन - 2 टेबल - स्पून 
  2. ऑलिव ऑइल / रिफाइंड ऑइल - 1 टेबल - स्पून 
  3. बारीक कटा लहसून- 1 टेबल - स्पून 
  4. बारीक कटी प्याज़ - 1/2 कप 
  5. बारीक कटा टमाटर- 1/2 कप 
  6. बड़े टुकड़ों में कटी लाल, पीली व हरी शिमला मिर्च - 1/2 कप 
  7. बारीक कटा गाजर- 1/2 कप 
  8. बारीक कटी पालक - 1/4 कप 
  9. बारीक कटी ब्रोकोली - 1/4 कप 
  10. उबले हुए कॉर्न के दाने - 1/4 कप 
  11. रेड चिली फ़्लेक्स - 1/2 टी- स्पून 
  12. ओरिगैनो - 1 टी- स्पून 
  13. नमक- स्वादानुसार 
विधि 

  1. सबसे पहले गैस पर एक पैन गरम होने के लिए रख दें और पैन में मक्खन और तेल डालकर धीमी आंच पर गरम कर लें। 
  2. जब तेल और मक्खन अच्छे से गरम हो जाए , तब उसमें बारीक कटा लहसून डालकर धीमी आंच पर 20- 25 सेकेंड्स के लिए भून लें। 
  3. इसके बाद पैन में प्याज़ डालकर थोड़ा सा गुलाबी होने तक पका लें। आंच धीमी ही रखें। 
  4. इसके बाद पैन में टमाटर, तीनों प्रकार की  शिमला मिर्च , गाजर , ब्रोकोली और स्वादानुसार नमक डाल दें और ढँककर 2-3 मिनट तक सब्जियों को  मीडियम फ्लेम पर पका लें। 
  5. 2-3 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर रेड चिली फ़्लेक्स , ओरिगैनो,  पालक और उबले हुए कॉर्न के दाने डाल दें और ढँककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट और पका लें। 
  6. ध्यान रखें कि सब्जियों को 5-6 मिनट से ज्यादा न पकाएँ। 
  7. 5-6 मिनट बाद गैस बंद कर दें। 
  8. आप चाहें तो इसमें ज्यूकिनी, मशरूम आदि भी डाल सकते हैं।        
3- रेड सॉस / पिज्जा सॉस के लिए 

सामग्री 

  1. बड़े साइज़ के टमाटर - 6 
  2. पानी - 1/2 कप 
  3. बटर / मक्खन - 1 टेबल - स्पून 
  4. बारीक कटा लहसून - 1 टेबल- स्पून 
  5. मीडियम साइज़ की बारीक कटी प्याज़ - 1 
  6. काली मिर्च पाउडर- 1/4 टी- स्पून 
  7. ओरिगैनो - 1/2 टी- स्पून 
  8. रेड चिली फ़्लेक्स - 1/2 टी- स्पून 
  9. लाल मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून  
  10. टोमॅटो केचप - 2 टेबल स्पून 
  11. नमक- स्वादानुसार  
विधि 

  1. सबसे पहले टमाटर को अच्छे से धो लें और एक कूकर में सारे टमाटर और 1/2 कप पानी डालकर तेज आंच पर 3-4 सीटी आने तक पका लें। 
  2. इसके बाद टमाटर को ठंडा करके मिक्सर में डालकर ब्लेन्ड कर लें और प्युरी बना लें। 
  3. अब एक पैन में 1 टेबल - स्पून बटर डालकर धीमी आंच पर गरम कर लें। 
  4. जब बटर गरम हो जाए तब उसमें लहसून  डालकर पका लें। 
  5. लहसून के बाद पैन में 1 मीडियम साइज की बारीक कटी प्याज़ डालकर भून लें। 
  6. इसके बाद पैन में टमाटर प्युरी डालकर मिक्स कर दें और इसमें काली मिर्च पाउडर , ओरिगैनो , रेड चिली फ़्लेक्स , लाल मिर्च पाउडर, नमक  और अंत में टोमॅटो केचप डालकर मिक्स कर दें और ढँककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पका लें। 
  7. स्वादिष्ट पिज्जा सॉस बनकर तैयार है। इस सॉस का इस्तेमाल पिज्जा , पास्ता आदि बनाने के लिए भी किया जा सकता है। 
  8. आप चाहें तो रेडीमेड पिज्जा सॉस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं लेकिन घर की बनी सॉस का स्वाद ज्यादा अच्छा होता है। 

4- वाईट सॉस बनाने के लिए 

सामग्री 
  1. बटर - 1 टेबल - स्पून 
  2. मैदा - 2 टेबल- स्पून 
  3. दूध - 1 कप 
  4. काली मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  5. ओरिगैनो - 1/2 टी- स्पून 
  6. नमक- 1/2 टी- स्पून 
विधि 
  1. सबसे पहले पैन में बटर डालकर गरम कर लें और उसमें मैदा डालकर धीमी आंच पर अच्छी खुशबू आने तक भून लें।
  2. थोड़ा - थोड़ा दूध डालकर चलाते रहें, ताकि गुठली न बने। 
  3. इसके बाद काली मिर्च पाउडर, ओरिगैनो और नमक डालकर मिक्स कर दें और लो फ्लेम पर 2-3 मिनट तक पका लें। 
  4. वाईट सॉस तैयार है। अब हम लजानिया बनाएँगे। 

5-  लजानिया बनाने के लिए 

सामग्री 
  1. तेल- 1 टेबल - स्पून 
  2. कद्दूकस किया मोंजरेला चीज - 1/2 कप 
  3. कद्दूकस किया प्रोसेस्ड चीज - 1/2 कप 
  4. मिक्स हर्ब्स - 1 टी- स्पून 
  5. तुलसी के पत्ते - 10- 12 
विधि- 
  1. सबसे पहले जिस पैन में आपको लजानिया बनाना है उसमें 1 टेबल- स्पून ऑलिव - ऑइल  / तेल डालकर गरम कर लें। 
  2. अब पैन में सबसे पहले सब्जियों की एक लेयर चारों तरफ लगा दें। 
  3. सब्जियों की लेयर के ऊपर एक पास्ता शीट रख दें। 
  4. पास्ता शीट पर 2 टेबल- स्पून रेड सॉस और 2 टेबल- स्पून वाईट सॉस डालकर मिक्स कर दें और सब तरफ फैला दें। 
  5. सौसेज के बाद सब्जियों की एक लेयर लगा दें। 
  6. सब्जियों की लेयर के ऊपर थोड़ा- थोड़ा दोनों प्रकार की चीज , थोड़ी सी मिक्स हर्ब्स और 3-4 तुलसी के पत्ते सब तरफ लगा दें। 
  7. दूसरी और तीसरी शीट के साथ भी यही प्रक्रिया दोहराएँ। 
  8. फिर पैन को ढँककर पहले धीमी आंच पर 10 मिनट तक पका लें। 
  9. 10 मिनट बाद पैन का ढक्कन हटाकर एक चम्मच की सहायता से चीज को चारों तरफ फैला दें। 
  10. फिर पैन को ढँककर 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर और पका लें। ध्यान रखें कि लजानिया को  टोटल 15 मिनट से ज्यादा न पकाएँ।
  11. अगर आप ओवन में बेक करना चाहें तो  प्री हीटेड ओवन में 180 डिग्री पर 15 -18 मिनट तक बेक कर लें। 
  12. 15 मिनट बाद  गैस बंद कर दें और काटकर गरमागरम चीज लजानिया सर्व करें।        

दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको मेरी वेजीटेबल चीज लजानिया की ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर इटालियन स्टाइल वेजीटेबल चीज लजानिया बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 
अन्य स्वादिष्ट रेसिपीज़ के लिए यहाँ क्लिक करेंwww.swaadbhisehatbhi.com

Tuesday, June 22, 2021

बंगाली स्टाइल वेजीटेबल चोरचोरी - Bengali Style Vegetable Chorchori [ Mixed Veg Dry Sabji ] Recipe


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम बंगाली स्टाइल वेजीटेबल चोरचोरी बनाएँगे। चोरचोरी बंगाल की एक प्रसिद्ध सब्जी है। यह भारत और बांग्लादेश की अद्भुत स्वाद वाली मिक्स सब्जी है, जो मुख्य रूप से भारतीय उपमहाद्वीप के बंगाली घरों में बनाई जाती है। चोरचोरी एक प्रकार की सूखी सब्जी होती है , जिसे दाल , चावल , खिचड़ी या लुची [ एक प्रकार की पूरी ] आदि के साथ सर्व किया जाता है। यह सब्जी बड़ी ही आसानी से और जल्दी से बनकर तैयार हो जाती है और खाने में भी काफी स्वादिष्ट भी होती है। इस सब्जी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए कोई सब्जी खरीदकर लाने की आवश्यकता नहीं होती है। आपके पास जो भी सब्जी उपलब्ध हो या अगर आपके पास थोड़ी - थोड़ी कई सारी सब्जियाँ  बच गयी हों तो उन्हें मिलाकर आप चोरचोरी बना सकते हैं। चोरचोरी लंच, डिनर या टिफिन में  कभी भी बनाकर खाई  जा सकती है। अगर आपके बच्चे सब्जियाँ खाने में आनाकानी करते हैं तो आप उन्हें चोरचोरी के माध्यम से ढेर सारी पौष्टिक सब्जियाँ खिला सकते हैं। इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि बच्चे खुशी - खुशी इसे खा लेंगे और फाइबर्स, आइरन और पोषक तत्वों से भरपूर सब्जियों का पूरा पोषण भी उन्हें मिलेगा। इसमें वसा की मात्रा काफी कम होती है, जिससे वेट लॉस की इच्छा रखने वाले लोग भी इसे आराम से खा सकते हैं। इस सब्जी को एक अनूठा स्वाद और सुगंध देने के लिए कुछ साबुत मसालों को बस तड़काना होता है और इसके बाद इसमें अपनी मनपसंद सब्जियों को डालकर पकाना होता है। पंचफ़ोरन [ जीरा, राई, मेथी दाना , सौंफ और कलोंजी को मिलाकर पंचफ़ोरन तैयार किया जाता है।] इस सब्जी में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। इससे सब्जी में बहुत अच्छी खुशबू और फ्लेवर आता है। एक आकर्षक नाम और शानदार स्वाद इस सब्जी को आजमाने योग्य बनाता है। तो चलिये स्वाद और सेहत से भरपूर बंगाली स्टाइल वेजीटेबल चोरचोरी बनाना शुरू करते हैं।

सामग्री

  1. फूलगोभी - 1 कप [ 1 इंच टुकड़े में कटी ]
  2. आलू- 2 [ मध्यम आकार के ] [ बड़े टुकड़ों में कटे ]
  3. कद्दू - 100 ग्राम [ 1 इंच टुकड़े में कटा ] 
  4. बैंगन - 1 कप [ 1 इंच टुकड़े में कटा ] 
  5. बीन्स - 7-8 [ 1-1 इंच के लंबे टुकड़ों में कटी ]
  6. पालक के पत्ते - 7-8 [ बड़े - बड़े टुकड़ों में कटे ] 
  7. हरी मिर्च - 2 [ बीच से लंबाई में कटी हुई ]
  8. मूली - 1 [ 1 इंच के टुकड़ों में कटी ]
  9. सहजन / सेंगा / मोरिंगा / ड्रमस्टिक - 1 [ 1- 1 इंच के टुकड़ों में कटा ]
  10. सरसों का तेल - 3-4 टेबल - स्पून 
  11. पंचफ़ोरन - 2 टी- स्पून
  12. हींग- 1/2 टी- स्पून  
  13. लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टी - स्पून 
  14. हल्दी पाउडर- 1/4 टी- स्पून 
  15. चीनी / शक्कर - 1/2 टी- स्पून 
  16. नमक - स्वादानुसार 
  17. तेजपत्ता - 2 
  18. अदरक - लहसून का  पेस्ट - 1 टी- स्पून 
  19. धनिया पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  20. जीरा पाउडर - 1/4 टी- स्पून
  21. बारीक कटा हरा धनिया - 2 टेबल - स्पून [ सजाने के लिए ] 
विधि 
  1. सबसे पहले सारी सब्जियों को अच्छे से साफ करके  धो लें और  1-1 इंच जितने बड़े टुकड़ों में काट लें। 
  2. अब एक कड़ाही में सरसों का तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें। चोरचोरी सरसों के तेल में ही बनाई जाती है। आप चाहें तो रिफाइंड ऑइल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन सरसों के तेल में बनाने से इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है। 
  3. जब तेल अच्छे से गरम हो जाए और उसमें से धूँआ निकलने लगे, तब गैस धीमी कर दें और तेल में हींग , पंचफ़ोरन, हरी मिर्च और तेजपत्ता डालकर थोड़ा सा पका लें। 
  4. इसके बाद कड़ाही में अदरक - लहसून का पेस्ट डाल दें और धीमी आंच पर अदरक - लहसून के पेस्ट का कच्चापन निकलने तक भून लें। 
  5. इसके बाद कड़ाही में सबसे पहले आलू और गोभी डाल दें और 2 मिनट तक फ्राई कर  लें। 
  6. आलू व गोभी के बाद कड़ाही में कद्दू , मूली, सेंगा और बीन्स डालकर सारी सब्जियों को चलाते हुए तेज आंच पर 2 मिनट तक पका लें। 
  7. 2 मिनट बाद कड़ाही में नमक , धनिया पाउडर , हल्दी पाउडर  और  लाल मिर्च पाउडर डाल दें और मिक्स कर दें। आंच मीडियम - हाई रखें। 
  8. इसके बाद कड़ाही में शक्कर , बैंगन और पालक के पत्ते डाल दें और सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर दें।
  9. सारी चीजों को अच्छे से मिक्स करने के बाद 10- 15  मिनट तक चोरचोरी को धीमी आंच पर पकने दें। 
  10. 10 - 15 मिनट बाद एक बार कड़ाही का ढक्कन हटाकर चेक कर लें अगर सब्जियाँ अच्छे से पक गयी हैं और उनका सारा पानी भी खत्म हो गया है तो बारीक कटी धनिया की पत्ती डालकर मिक्स कर दें और गैस बंद कर दें और अगर सब्जी में पानी दिख रहा हो तो पहले गैस की आंच तेज करके पानी सुखा लें। उसके बाद उसमें बारीक कटी धनिया की पत्ती डालकर मिक्स करें। 
  11. स्वादिष्ट वेजीटेबल चोरचोरी बनकर तैयार है। इसे गरमागरम लुची , दाल - चावल या खिचड़ी के साथ सर्व करें।  
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको बंगाली स्टाइल वेजीटेबल चोरचोरी की मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर यह स्वादिष्ट सब्जी बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

Saturday, June 19, 2021

Father ' s Day Special Chocolate Cake Without Baking.


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम फादर्स डे के उपलक्ष्य में चॉकलेट केक बनाएँगे। माता - पिता भगवान का रूप होते हैं। उनकी छत्र - छाया में हम सुरक्षित रहते हैं और हमें दुनिया के सारे सुख मिलते हैं। इसलिए अपने पिता के प्रति अपना प्यार और सम्मान दिखाने का इससे अच्छा मौका हो ही नहीं सकता। फादर्स डे हर साल जून के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। इस साल फादर्स डे 20 जून को मनाया जाएगा। फादर्स डे पिताओं के सम्मान में मनाया जाता है। इस दिन को सबसे पहले सोनोरा स्मार्ट डॉस नाम की एक महिला ने मनाया  था।  उसके पिता ने उसकी माँ की मृत्यु के पश्चात उसे व उसके 5 अन्य भाई - बहनों को एकसाथ अकेले ही पाला था। अपने पिता के सम्मान में उनके जन्मदिन पर  उसने यह दिवस मनाया था। वह पिताओं के लिए मातृ दिवस के समकक्ष  एक आधिकारिक दिन स्थापित करना चाहती थी। 19 जून 1910 को वाशिंगटन राज्य ने फादर्स डे को आधिकारिक मंजूरी प्रदान की थी। बस तभी से सभी लोग अपने - अपने तरीके से फादर्स डे मनाते आ रहे  हैं। कुछ लोग अपने पापा को गिफ्ट देते हैं, कुछ लोग उनके लिए उनकी पसंद का खाना बनाते हैं तो कुछ उन्हें बाहर घुमाने  ले जाते हैं। इस बार क्यूँ न अपने हाथों से अपने पिता के लिए चॉकलेट केक बनाया जाए इसलिए  आज मैं फादर्स डे के अवसर पर आसान चॉकलेट केक की रेसिपी लाई हूँ। यह केक कुछ सीमित सामानों से आधे घंटे के अंदर बनकर तैयार हो जाता है और इसे बनाने के लिए न तो हमें मैदा, आटा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा आदि की जरूरत पड़ेगी , न तो किसी प्रकार के एसेंस की जरूरत होगी और न ही कूकर, कड़ाही या माइक्रोवेव में बेक करना पड़ेगा। केवल दो मुख्य सामग्रियों से यह केक बनकर तैयार हो जाता है। इस केक की खास बात यह है कि यह केक बनाने में जितना आसान है, इसका स्वाद उतना ही लाजवाब होता है और इसे बनाने में मुश्किल से आधे घंटे का वक़्त लगता है। और सबसे बड़ी बात यह केक बिना बेक किए तैयार हो जाता है। तो चलिये फादर्स डे के अवसर पर स्वादिष्ट और आसान चॉकलेट केक बनाते हैं और अपनी लाइफ के रियल हीरो को एक प्यारी सी सरप्राइज़ देते हैं। 

सामग्री

  1. ओरियो बिस्किट [ oreo biscuit ]- 120 ग्राम के 3 पैकेट्स 
  2. मोटी वाली सफ़ेद ब्रेड - 16 पीस 
  3. पीसी चीनी - 1.5 टेबल - स्पून 
  4. पानी - 1/2 कप 
  5. दूध- 1 कप 
  6. चेरी - 1 [ सजाने के लिए ] -  [वैकल्पिक ]
विधि 
  1. सबसे पहले एक कटोरी में पीसी चीनी और पानी डालकर चीनी घुलने तक मिक्स कर लें और एक तरफ रख दें। इससे हम ब्रेड को नमी और मिठास देंगे। 
  2. अब सारे ब्रेड्स के किनारों को काट लें और ब्रेड्स को 4 - 4  के सेट में लगा लें और किसी बड़े कटोरे से गोलाई में काट लें। आप चाहें तो बिना काटे चौकोर शेप का केक भी बना सकते हैं।
  3. इसके बाद बिस्किट्स को पैकेट में से खोलकर बाहर निकाल लें और उसमें से आधे बिस्किट्स के क्रीम को निकालकर अलग रख दें। इससे हम केक के लिए आइसिंग तैयार करेंगे। 
  4. अब सारे बिस्किट्स को छोटे - छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और उन्हें मिक्सर में डालकर ग्राइंड कर लें। और इसका बारीक व चिकना पाउडर पीसकर तैयार कर लें। केक बनाने के लिए मिश्रण बनकर तैयार है। 
  5. इसके बाद तैयार पाउडर में 3/4 कप दूध थोड़ा - थोड़ा करके डालते जाएँ और मिक्स करते जाएँ। 
  6. इसका एक चिकना और मध्यम स्थिरता [ medium consistency] का घोल तैयार कर लें। 
  7. इसके बाद क्रीम में 2 टी- स्पून गरम दूध डालकर अच्छे से मिक्स कर दें और चम्मच की सहायता से क्रीम को व्हिप कर लें। 
  8. क्रीम को एक पाइपिंग बैग में डाल दें और पाइपिंग बैग में स्टार नोजल लगा लें। पाइपिंग बैग को अच्छे से बंद कर दें। क्रीम को थोड़ी देर के लिए फ्रीज में रख दें।  
  9. अब एक केक टेबल पर थोड़ा सा केक वाला मिश्रण 4 जगहों पर लगा दें और उस पर 4 ब्रेड सटाकर रख दें। केक टेबल पर नीचे केक का मिश्रण लगा देने से केक अपनी जगह पर स्थिर रहता है। इधर - उधर फिसलता नहीं है। 
  10. इसके बाद चारों ब्रेड पर ब्रश की सहायता से चीनी का घोल लगा दें। ब्रेड सूखी व फीकी होती है। इसलिए चीनी का घोल लगाकर हम ब्रेड को मीठा व नरम कर सकते हैं। 
  11. चीनी का घोल लगाने के बाद ब्रेड पर बिस्किट वाला घोल लगाकर चारों तरफ अच्छे से फैला दें। 
  12. इसके ऊपर फिर से 4 ब्रेड रखें और उन पर भी चीनी का घोल और बिस्किट का घोल लगा दें। 
  13. इसी तरीके से बाकी बची हुई ब्रेड्स को भी लगा दें और उन पर भी चीनी व बिस्किट का घोल लगा दें। 
  14. इसी प्रोसेस से 4 - 4 ब्रेड के 4 सेट्स लगेंगे और हर बार चीनी व बिस्किट का घोल भी लगेगा। 
  15. केक टेबल को चारों तरफ से घुमाते हुए ब्रेड्स के किनारे - किनारे भी बिस्किट का पेस्ट लगा दें। 
  16. इसे 20 मिनट के लिए फ्रीज में रख दें, जिससे केक अच्छे से सेट हो जाए। 
  17. 20 मिनट बाद केक को फ्रीज से बाहर निकालें और उस पर व्हिप्ड क्रीम से अपनी इच्छानुसार डेकोरेशन कर दें और उस पर चेरी लगा दें। 
  18. स्वादिष्ट चॉकलेट केक बनकर तैयार है। 
Tips 
  1. अगर आपके पास पाइपिंग बैग नहीं है तो दूध की थैली को अच्छे से धोकर पोंछ लें और उससे एक कोन जैसा बना लें। इसमें क्रीम भर दें और रबर बैंड से अच्छे से बंद कर दें। 
  2. अगर स्टार नोजल नहीं है तो पैकेट को आगे से थोड़ा सा काटकर उससे ही  गोल - गोल डिजाइन बना लें। 
  3. केक टेबल के स्थान पर एक कटोरी ले ले और उस पर एक थाली ऊल्टी करके रख दें। यह थाली आराम से कटोरी पर रोटेट करेगी और केक टेबल जैसा ही काम करेगी। इसको घूमाकर आप आराम से केक को सजा पाएंगे। 
  4. ओरिओ केक बनाने के लिए हमेशा ताजी व मुलायम ब्रेड का ही इस्तेमाल करें। फ्रीज में रखी या बासी ब्रेड का इस्तेमाल न करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको ओरिओ बिस्किट और ब्रेड से बनी चॉकलेट केक की ये रेसिपी पसंद आई होगी। इस फादर्स डे पर आप भी ये केक बनाएँ और अपनी लाइफ के रियल हीरो को एक प्यारी सी सरप्राइज़ दें और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥    


Sunday, June 13, 2021

ओडिशा का प्रसिद्ध छेना पोडा [ छेना केक ] - Odisha ' s Famous Chhena Poda Recipe in Cooker


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम ओडिशा का प्रसिद्ध छेना केक बनाएँगे, जिसे छेना पोडा भी  कहा जाता है। यह ओडिशा की प्रमुख मिठाई है। छेना पोडा छेने से बना हुआ एक मीठा केक होता है, जिसे  सूजी , शक्कर , ईलाईची पाउडर और कुछ नट्स डालकर तैयार  किया जाता है। छेना , शक्कर और सूजी को मिलाकर इसे तब तक पकाया जाता है , जब तक छेना जलकर रेड ब्राउन न हो जाए। छेना पोडा गाय के  दूध से  ताजा छेना बनाकर तैयार किया जाता है, क्यूंकि गाय के दूध का छेना बहुत अच्छा बनता है।   ऐसी मान्यता है कि छेना पोडा भगवान जगन्नाथ को बहुत प्रिय है। दुर्गा पूजा और दिवाली के अवसर पर भी ओडिशा में छेना पोडा विशेष रूप से बनाया  जाता है। पारंपरिक तौर पर इसे बनाने के लिए छेने को केक का आकार देकर साल के पत्तों में अच्छे से लपेटकर लकड़ी या कोयले की  भट्टी में 2-3 घंटे तक पकाया जाता है। इसके बाद सामने आती है , लाजवाब स्वाद की अनूठी मिसाल। आजकल भट्टी , कोयले आदि का जमाना तो रहा नहीं, इसलिए अब लोग छेना पोडा कूकर या ओवन में ही बना लेते हैं। 

  कहते हैं कि जो डिश अकस्मात बन जाए उसका स्वाद काफी उम्दा  होता है। छेना पोडा के साथ भी ऐसा ही हुआ। छेना पोडा का ईजाद भी  संयोगवश हुआ। वैसे इसके आविष्कार का श्रेय ओडिशा के नयागढ़ स्थित एक दुकान के मालिक श्री सुदर्शन साहू जी को जाता है। बात 1947 की है। सुदर्शन साहू का नयागढ़ के दसपल्ला इलाके में एक होटल था। एक दिन उनके होटल में छेना बच गया, तो उन्होने यह सोचकर उसमें शक्कर मिला दिया कि छेना खराब नहीं होगा। इसे उठाकर उन्होने एक भट्टी में रख दिया, जो पहले से ही इस्तेमाल किए जाने के कारण गरम थी। भट्टी में रखकर सुदर्शन जी छेना को भूल गए। जब अगले दिन उन्हें याद आया तो उन्होने भट्टी में से छेना बाहर  निकाला। भट्टी में रखा हुआ छेना एक केक का रूप ले चुका था। जब उन्होने इसे चखा , तो उन्हें इसका स्वाद बहुत अच्छा लगा। उन्होने ही इसे नाम दिया - '' छेना - पोडा ''।  

उड़िया भाषा में छेना पोडा का मतलब होता है - जला हुआ पनीर। यह डिश आज ओडिशा की आत्मा में बस चुकी है। खासकर कटक व भुवनेश्वर हाइवे पर स्थित मिठाई की  दुकानों में छेना पोडा आपको आसानी से  मिल जाएगा। जब भी आपको ओडिशा जाने का अवसर मिले, छेना पोडा जरूर ट्राइ करें। यह आपको बहुत पसंद आएगा। वैसे तो छेना पोडा आपको केवल भारत के पूर्वी राज्यों में ही मिलेगा, लेकिन आज मैं आपके लिए ओडिशा के प्रसिद्ध छेना पोडा की आसान रेसिपी लायी हूँ। जिसका उपयोग करके आप कभी  भी , कहीं भी आसान तरीके से छेना पोडा बना सकते हैं और इसके स्वाद का आनंद ले सकते हैं। इस रेसिपी में ओवन और कूकर दोनों  में छेना पोडा बनाने की विधि बताई गयी है। लेकिन आज हम कूकर में छेना पोडा बनाएँगे।  तो चलिये  बेमिसाल छेना पोडा बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 

  1. गाय का दूध - 2 लीटर
  2. नींबू - 2 
  3. शक्कर - 3/4 कप 
  4. ईलाईची पाउडर- 1 टी- स्पून 
  5. बारीक कटे काजू - 8-10 
  6. बारीक कटे बादाम - 5-6 
  7. बारीक कटा पिस्ता - 6-7 
  8. किशमिश - 7-8 
  9. सूजी - 2 टेबल- स्पून 
  10. घी- 2 टेबल- स्पून 
  11. छेने का पानी - 2 टेबल - स्पून 
  12. नमक - चुटकी भर 
विधि 
  1. सबसे पहले एक पतीले या भगौने में गाय का दूध डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें। दूध में पानी न डालें। 
  2. जब तक दूध उबल रहा है तब तक 2 नींबुओं को निचोड़कर उसका रस निकाल लें और रस को एक बार छन्नी से छान लें, ताकि उसके बीज व रेशे निकल जाएँ। अब जितना नींबू का रस है उतना ही उसमें पानी डालकर मिक्स कर दें और एक तरफ रख दें। 
  3. नींबू के रस का उपयोग हम दूध को फाड़ने के लिए करेंगे। आप चाहें तो नींबू के रस की जगह पर वाईट विनेगर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। बस 2 टेबल - स्पून विनेगर में 2 टेबल- स्पून पानी डालकर मिक्स कर दें और दूध को फाड़ लें। 
  4. जब दूध में 1 उबाल आ जाए तब गैस धीमी कर दें और दूध में थोड़ा - थोड़ा नींबू का रस डालते  जाएँ और चलाते जाएँ। ध्यान रखें कि नींबू का रस या विनेगर हमें  धीमी आंच पर थोड़ा - थोड़ा करके ही डालना होता है, नहीं तो छेना कड़क बनेगा। 
  5. थोड़ी ही देर में दूध फट जाएगा और दूध में से  छेना अलग और हरा- हरा पानी अलग  दिखाई  देने लगेगा। तब गैस बंद कर दें और छेने को एक कपड़े की सहायता से छान लें। 
  6. छेने का पानी फेंके नहीं। यह पानी थोड़ा सा छेना पोडा में इस्तेमाल होगा और बाकी बचे हुए पानी को आप सब्जी की करी बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। 
  7. इसके बाद एक बार छेने को धो लें , जिससे छेने से नींबू की महक निकल जाए। 
  8. धोने के बाद छेने को एक बड़ी थाली या परात में निकाल लें और उसे 2-3 मिनट तक हाथों से मसल लें। 
  9. इसके बाद छेने में चीनी , ईलाईची पाउडर , बारीक कटे काजू , बारीक कटे बादाम , बारीक कटे पिस्ते , किशमिश , सूजी , घी , छेने का पानी और चुटकी भर नमक डाल दें  और अच्छे से मिक्स कर दें। 
  10. इस रेसिपी में मुख्य रूप से छेना, सूजी , शक्कर और ईलाईची पाउडर का इस्तेमाल ही किया जाता है। ड्राइ फ्रूट्स इस रेसिपी में वैकल्पिक हैं। अगर आपके पास हों तो डाल दें वरना इसके बिना भी छेना पोडा बनाया जा सकता है। 
  11. थोड़ी देर के लिए छेना के मिश्रण को रेस्ट करने के लिए छोड़ दें तब तक गैस पर एक कूकर में 2 कप नमक डालकर चारों तरफ फैला दें और कूकर में एक जाली स्टैंड [ जिस पर हम गरम खाना रखते हैं ] रख दें और तेज आंच पर ढक्कन से ढँककर 6-7 मिनट तक नमक को गरम होने दें। 
  12. कूकर की सीटी और रबड़ निकाल दें। 
  13. जब तक नमक गरम हो रहा है, तब तक एक केक टिन या कोई बड़ा बर्तन जो आसानी से कूकर में आ जाए , ले लें और उसमें थोड़ा सा घी लगाकर केक टिन को चिकना कर लें। 
  14. इसके बाद केक टिन में एक बटर पेपर लगा दें और उस पर भी अच्छे से घी लगा दें, जिससे बाद में हमें छेना पोडा निकालने में कोई दिक्कत न हो। 
  15. अब केक टिन में छेना का मिश्रण डाल दें और एक - दो बार पटककर थोड़ा समतल कर लें। 
  16. 6-7 मिनट बाद जब कूकर गरम हो जाए , तब जाली स्टैंड के ऊपर सावधानी से केक टिन रख दें और ढक्कन बंद करके मीडियम फ्लेम पर 1/2 घंटे के लिए पहले बेक कर लें। 
  17. 1/2 घंटे बाद बाद फ्लेम को लो - मीडियम कर दें और फिर से 20- 25 मिनट तक बेक कर लें। 
  18. मुख्य रूप से छेना पोडा को पकने में 30 मिनट और अच्छा कलर आने में 20-25 मिनट यानि टोटल 50- 55 मिनट का समय लगता है। 
  19. अगर आप कूकर की जगह ओवन का इस्तेमाल कर रहे हों तो ओवन को पहले 180 डिग्री पर प्री - हीट कर लें। इसके बाद ओवन में छेना पोडा रखकर पहले 15 मिनट के लिए बेक कर दें और फिर अंत में 5-7 मिनट के लिए 220 डिग्री पर अच्छा कलर आने तक बेक कर लें। 
  20. कूकर में 50-55 मिनट [या ओवन में 20- 22 मिनट ] तक बेक करने के बाद स्वादिष्ट छेना पोडा बनकर तैयार हो जाता है। 
  21. गैस बंद कर दें और छेना पोडा को बाहर निकाल दें। 
  22. इसे बर्तन से बाहर निकालने के लिए पहले बर्तन के चारों तरफ से चाकू की सहायता से  छेना पोडा को अलग कर लें  और फिर एक प्लेट पर ऊलटा करके पेंदी में हाथ से थोड़ा थपथपा दें , जिससे छेना पोडा आसानी से बाहर आ जाए। बटर पेपर भी निकाल दें। 
  23. इसे तुरंत न काटें। 10 मिनट के लिए पहले थोड़ा ठंडा हो जाने दें । उसके बाद ही काटें। 
  24. स्वादिष्ट छेना पोडा बनकर तैयार है। बाहर से क्रिस्प और अंदर से नरम व रसीला छेना पोडा बना है। इसे  मनपसंद टुकड़ों में काटकर सर्व करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको छेना पोडा की मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर ओडिशा का प्रसिद्ध छेना पोडा बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

Wednesday, June 9, 2021

हैदराबादी वेज दम बिरयानी - Hyderabadi Veg Dum Biryani Recipe


 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम हैदराबादी वेज दम बिरयानी  बनाएँगे। बिरयानी हैदराबाद [ तेलंगाना ] की एक खास डिश है। ' बिरयानी ' शब्द मूल रूप से फारसी भाषा से लिया गया है, जो मध्य काल में मुगलों , अफगानों व तुर्कों की आधिकारिक भाषा थी। ऐसा माना जाता है कि इसका नामकरण फारसी शब्द '' बिरयन '' अथवा '' बेरियाँ'' से हुआ है । जिसका मतलब होता है - भुनना , सेंकना अथवा भाप में पकाना। बिरयानी मुगल युग की निशानी मानी जाती है, जो आज भी अनेकों होटलों , रेस्टोरेन्ट और रसोईघरों की  शान बढ़ा रही है। वैसे तो बिरयानी को  मुख्य रूप से मटन के साथ बनाया जाता है, लेकिन सब्जियों के साथ बनी हुई वेज बिरयानी का स्वाद भी आपको उँगलियाँ चाटने पर मजबूर कर देगा।  बासमती चावल और सब्जियों की परतों के ऊपर खुशबूदार केसर के मिश्रण को फैलाकर जब धीमी आंच पर बिरयानी को पकाया जाता है , तो इसकी खुशबू सभी का मन ललचा देती है। बिरयानी सभी लोग अलग -अलग तरीकों से बनाते हैं। इसे मुख्य रूप से 4 स्टेप में बनाया जाता है। पहले स्टेप में अपनी मनपसंद सब्जियों को दही व कुछ पिसे  मसालों के साथ थोड़ी देर के लिए मेरिनेट करके रखा जाता है।  दूसरे स्टेप में खुशबूदार बासमती चावल को खड़े मसालों  के साथ 50% पकाकर तैयार किया जाता है। तीसरे स्टेप में मेरिनेटेड सब्जियों को भी 50% पकाया जाता है और चौथे व अंतिम स्टेप में चावल , सब्जियों,  तली हुई प्याज़ और केसर के मिश्रण को डालकर दम विधि का उपयोग करके भाप में पकाया जाता है। दम विधि का मतलब होता है - '' भाप में पकाया ''। इस विधि से बिरयानी बनाने से बिरयानी का स्वाद और खुशबू दोनों निखरकर आते हैं। हैदराबादी वेज दम बिरयानी लंच , डिनर या किसी भी खास अवसर पर बनाकर खाई जा सकती है। वैसे इसे बनाने में थोड़ा समय जरूर लगता है , लेकिन इसे बनाना बहुत ही आसान है। आज मैं आपको स्टेप बाइ स्टेप दम बिरयानी बनाने की विधि बताऊँगी , जिसका उपयोग करके आप सरल व आसान तरीके से घर में  दम बिरयानी बना पाएंगे और इसका लुत्फ उठा पाएंगे। तो चलिये स्वाद और खूशबू से भरपूर वेज दम बिरयानी बनाना शुरू करते हैं। 

पहला  स्टेप - सब्जियों को मेरिनेट करना 

सामग्री 
  1. गाजर - 2   [ 1/2 इंच लंबे टुकड़ों में कटा ] 
  2. गोभी - 1/2 कप [ बड़े टुकड़ों में कटी ] 
  3. हरी मटर - 1/2 कप 
  4. बीन्स - 8- 10  [1/2 इंच लंबे टुकड़ों में कटी  ] 
  5. आलू - 1 [ बड़े टुकड़ों में कटा ] 
  6. पनीर - 100 ग्राम 
  7. दही- 1 कप 
  8. हल्दी पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  9. लाल मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  10. धनिया पाउडर - 1 टी- स्पून 
  11. बिरयानी मसाला - 2 टेबल - स्पून 
  12. नमक - स्वादानुसार 
  13. हरी मिर्च - 2  [ बड़े टुकड़ों में कटी ] 
  14. बारीक कटी धनिया पत्ती - 2 टेबल - स्पून 
  15. बारीक कटी पुदीना पत्ती - 1 टेबल- स्पून 
  16. घी- 1 टेबल- स्पून 
  17.  लंबी - लंबी कटी व तली हुई प्याज़ [ बिरिस्ता ]  - 1 [ मध्यम आकार की ] 
  18. पानी - 1/2 कप 
विधि 
  1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही निकालें और उसे चम्मच से एक बार फेंट लें। 
  2. दही में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर , बिरयानी मसाला , नमक , हरी मिर्च , बारीक कटी  धनिया पत्ती , बारीक कटी पुदीना पत्ती , घी,  तली हुई प्याज़ और 1/2 कप पानी  डालकर अच्छे से मिक्स कर दें।  
  3. इसके बाद इस मिश्रण में सारी सब्जियाँ डाल दें और मिक्स कर दें। 
  4. सब्जियों को मेरिनेट करके 20-25 मिनट के लिए रख दें । 
  5. तब तक बिरयानी के लिए चावल उबाल लें। 
दूसरा  स्टेप  - चावल उबालना 

सामग्री- 

  1. बासमती चावल - 1.5 कप [ 20 मिनट तक भिंगाए हुए ] 
  2. पानी - 7-8 कप 
  3. तेजपत्ता - 2 
  4. दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा 
  5. चकरी फूल - 1 
  6. लौंग - 3-4 
  7. काली मिर्च - 5-6 
  8. नमक - 1  टेबल - स्पून 
  9. बड़ी ईलाईची - 1 
  10. घी- 2 टी- स्पून 
  11. हरी ईलाईची - 2-3
  12. जावित्री - 1  
विधि 
  1. सबसे पहले बासमती चावलों को धोकर 20 मिनट के लिए भिंगाकर रख दें। 
  2. 20 मिनट के बाद एक बड़े बर्तन में 7-8 कप पानी गरम होने के लिए रख दें। 
  3. पानी में 2 टी- स्पून नमक , तेजपत्ता , दालचीनी , चकरी फूल , लौंग , काली मिर्च , घी , बड़ी ईलाईची , जावित्री  और हरी ईलाईची डालकर एक बार मिक्स कर दें। 
  4. इसके बाद जब पानी में उबाल आने लगे तब उसमें भिंगाए हुए बासमती चावल डाल दें और हल्के हाथ से एक बार चावलों को भी चला दें। 
  5. जब चावल में एक उबाल आ जाये , तब एक दाना चावल निकालकर नाखून से दबाकर देख लें। अगर चावल आधे पके लग रहे हों तो गैस बंद कर दें और चावल को पानी से छानकर अलग कर दें। 
  6. चावल को एक बड़ी थाली / परात में फैला दें , जिससे वे आपस में चिपके नहीं। उनका दाना - दाना अलग - अलग रहे। 
  7. इसके बाद मेरिनेटेड सब्जियों को पका लें।  

तीसरा स्टेप - मेरिनेटेड सब्जियों को पकाना 

सामग्री 

  1. घी - 2 टेबल - स्पून 
  2. शाह जीरा -1/2 टी- स्पून 
  3. अदरक - लहसून का पेस्ट - 1 टी- स्पून 
  4. काजू - 8- 10                
विधि 

  1.  सबसे पहले एक हांडी  में 2 टेबल- स्पून घी डालकर गरम कर लें। 
  2. जब घी गरम हो जाए तब उसमें शाह जीरा डाल दें और धीमी आंच पर हल्का सा भून लें। 
  3. इसके बाद हांडी  में अदरक - लहसून का पेस्ट डाल दें और धीमी आंच पर अदरक - लहसून के पेस्ट का कच्चापन निकलने तक भून लें। 
  4. काजू भी डालकर भून लें। 
  5. इसके बाद मेरिनेटेड सब्जियों को डाल दें और 4-5 मिनट तक तेज आंच पर पका लें। 
  6. ध्यान रखें कि सब्जियों को पूरा नहीं पकाना है। 
  7. 4-5 मिनट बाद गैस बंद कर दें और सब्जियों को निकाल लें। 
चौथा व आखिरी स्टेप 

सामग्री 
  1. उबले हुए चावल 
  2. पकाई हुई सब्जियाँ 
  3. तली हुई प्याज़ [ बिरिस्ता ] - 1 
  4. केसर का पानी - 7-8 टी- स्पून 
  5.  बारीक कटी धनिया - पुदीना पत्ती - 1 टी- स्पून 
  6. घी- 2 टेबल - स्पून 
  7. गूँथा हुआ आटा - आवश्यकतानुसार [ हांडी में दम लगाने के लिए ] 
विधि 
  1. सबसे पहले 10- 15 धागे केसर 7-8 टी- स्पून  गुनगुने पानी में थोड़ी देर के लिए भिंगा दें। 
  2. इसके बाद सब्जियों व चावल को 2 -2 भाग में बाँट लें। 
  3. इसके बाद जिस हांडी में सब्जियाँ पकाई थीं, उसी हांडी में सबसे पहले एक लेयर सब्जियों की लगा दें। 
  4. इसके बाद सब्जियों के ऊपर एक लेयर चावल की लगा दें। 
  5. चावल पर 3-4 टी- स्पून केसर का पानी , आधा बिरिस्ता और आधा धनिया - पुदीना पत्ती चारों तरफ डाल दें।
  6. इसके बाद फिर से बाकी बची हुई सब्जियों की एक लेयर डाल दें।  
  7. सब्जियों के ऊपर बचे हुए चावल डालकर सब तरफ फैला दें। 
  8. ध्यान रखें कि हर लेयर में सब्जियों व चावलों को हांडी में चारों तरफ डालकर फैलाना है। 
  9. चावल के ऊपर बचे हुए बिरिस्ता , केसर का पानी , धनिया - पुदीना के पत्ते और 2 टेबल - स्पून घी डाल दें। 
  10. इसके बाद हांडी के किनारों पर गूँथा हुआ आटा चारों तरफ लगा दें और उस पर थोड़ा सा पानी लगा दें, जिससे ढक्कन उस पर अच्छे से चिपक जाए और उसकी भाप बाहर न निकलने पाये। 
  11. आटे के ऊपर ढक्कन रखकर दबा दें, जिससे ढक्कन अच्छे से चिपक जाए। 
  12. अब एकदम धीमी आंच पर गैस पर एक तवा रखें और जब तवा गरम हो जाए , तब उस पर हांडी रख दें। 
  13. अब धीमी आंच पर तवे के ऊपर हांडी को रखकर बिरयानी को 20-25 मिनट के लिए पकने दें। बीच में बिरयानी को छूये नहीं। 
  14. धीमी आंच पर देर तक अपनी भाप में पककर बेहतरीन दम बिरयानी बनकर तैयार है। इसे सालन / रायते और डबल के मीठे के साथ गरमागरम सर्व करें।      

नोट - तली हुई प्याज़ को बिरिस्ता कहा जाता है। इसे बनाने के लिए 2 प्याज़ को  लंबे - लंबे  लच्छों में काट लें और तेल में बिल्कुल भूरा रंग आने तक तल लें। इसका फ्लेवर दम बिरयानी के जायके को बढ़ा देता है। 

दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको हैदराबादी वेज दम बिरयानी कि मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। इसे मैंने आसान तरीके से समझाने के लिए 4 स्टेप में बांटकर बताया है। आप भी अपने घर पर वेज दम बिरयानी बनाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 
धन्यवाद॥ 

अन्य स्वादिष्ट वेज रेसिपीस जानने के लिए क्लिक करें:www.swaadbhisehatbhi.com

Saturday, June 5, 2021

मथुरा / आगरा / दिल्ली की प्रसिद्ध बेडमी पूरी और हलवाई स्टाइल आलू की सब्जी - Mathura /Agra /Delhi's famous Bedmi Poori and Aaloo Sabji Recipe

 


नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम हलवाई स्टाइल  बेडमी पूरी और आलू की सब्जी बनाएँगे। बेडमी पूरी मथुरा , आगरा , दिल्ली समेत समूचे ब्रज अंचल में सुबह - सुबह नाश्ते में खाई जाती है। इन जगहों पर आप किसी भी गली - चौराहे पर चले जाएँ , बेडमी पूरी ,आलू की सब्जी के साथ अपनी खुशबू बिखेरती नजर आ ही जाएगी। चाहे सुबह का नाश्ता हो, कोई त्यौहार हो , कोई खास अवसर हो , कोई मेहमान घर आ रहा हो या स्पेशल वीकेंड मील की बात हो , बेडमी पूरी हरेक अवसर पर बनाई जाती है। बेडमी पूरी को '' बेड़ई '' ,  ''राधावल्लभी पूरी '' और '' राधारानी पूरी '' आदि नामों से भी जाना जाता है और इसके साथ खाई जाने वाली सब्जी को मथुरा में ''डुबकी वाले आलू'' भी कहा जाता है। यह सब्जी बिना लहसून - प्याज़ के बनती है, लेकिन फिर भी इसका स्वाद बहुत अच्छा होता है। बेडमी  पूरी का स्वाद बाकी पूरियों से बिलकुल अलग होता है। बेडमी पूरी उड़द दाल / मूंग दाल और कुछ मसाले डालकर बनाई जाती है , जो काफी क्रिस्प होती है और मजेदार आलू की सब्जी के साथ इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। बेडमी पूरी दो तरीकों से बनाई जाती है। एक तरीका दाल को पीसकर आटे में मिक्स करके पूरी बनाने का होता है। यह तरीका थोड़ा सरल है और इस तरीके से  पूरी जल्दी बनकर तैयार हो जाती है। दूसरा तरीका दाल की स्टफिंग आटे में भरकर पूरी बनाने का होता है। दूसरे तरीके से बनाई हुई पूरी का स्वाद ज्यादा अच्छा होता है और बेडमी पूरी बनाने का पारंपरिक तरीका भी यही है। आज हम उड़द दाल से स्टफिंग तैयार करके आटे में भरकर पारंपरिक रूप से बेडमी पूरी बनाएँगे और इसके साथ हलवाई स्टाइल  डुबकी वाले आलू की सब्जी भी बनाएँगे, जो बिना लहसून- प्याज़ के बनेगी । तो चलिये बेडमी पूरी और आलू की सब्जी बनाना शुरू करते हैं। 

बेडमी पूरी 

सामग्री- आटा गूँथने के लिए 

  1. आटा - 1 कप 
  2. सूजी - 1/2 कप 
  3. मैदा - 1/2 कप 
  4. अजवाइन - 1/2 टी- स्पून 
  5. कसूरी मेथी - 1 टेबल- स्पून 
  6. नमक - 1 टी- स्पून 
  7. तेल - 3 टी- स्पून 
  8. घी - 2 टी- स्पून 
  9. गुनगुना पानी - आवश्यकतानुसार [ आटा गूँथने के लिए ] 
सामग्री - स्टफिंग बनाने के लिए 
  1.  सफ़ेद उड़द की दाल - 1 कप 
  2. हींग- 1/2 टी- स्पून 
  3.  दरदरी कुटी सौंफ- 2 टी- स्पून 
  4. लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  5. अमचूर पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  6. धनिया पाउडर - 3/4 टी- स्पून 
  7. गरम मसाला पाउडर- 1 टी- स्पून 
  8. नमक - 1 टी- स्पून 
  9. कद्दूकस किया अदरक - 1 इंच टुकड़ा 
  10. दरदरी कुटी काली मिर्च - 1/4 टी- स्पून 
  11. जीरा -1/2 टी- स्पून 
  12. पानी - 1 कप 
विधि - आटा गूँथने के लिए 

  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा , सूजी और मैदा निकाल लें। 
  2. इसमें कसूरी मेथी और अजवाइन को हाथों से थोड़ा रगड़कर डाल दें। 
  3. इसके बाद आटे में नमक , तेल और घी डाल दें और एक बार सारी चीजों को पहले सूखा ही अच्छे से मिक्स कर लें। 
  4. अब थोड़ा - थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए पूरी जैसा सख्त आटा गूँथकर तैयार कर लें। 
  5. आटे को ढँककर सेट होने के लिए रख दें। 

विधि - स्टफिंग तैयार करने के लिए 

  1. सबसे पहले उड़द दाल को 2-3 बार अच्छे से पानी से धो लें और एक कड़ाही में डालकर धीमी आंच पर दाल को 7-8 मिनट तक ड्राई रोस्ट कर लें। जिससे दाल की पूरी नमी सूख जाए। ध्यान रखें कि दाल जले नही। 
  2. जब दाल अच्छे से भुन जाए , तब एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें। 
  3. जब दाल ठंडी हो जाए तब ग्राइंडर में डालकर दरदरा पाउडर पीसकर तैयार कर लें। 
  4. उड़द दाल के पाउडर को एक बड़े बाउल में निकाल लें और इसमें हींग , दरदरी कुटी  सौंफ , लाल मिर्च पाउडर , दरदरी कुटी काली मिर्च , अमचूर पाउडर , धनिया पाउडर , गरम मसाला पाउडर , जीरा , नमक और कद्दूकस किया अदरक डाल दें और एक बार सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर दें। 
  5. बेडमी पूरी बनाने के लिए मिक्स  पाउडर बनकर तैयार है। [इसे थोड़ा ज्यादा बनाकर आप एक एयर - टाइट कंटेनर में भरकर फ्रीज़ में रख दें। फ्रिज में  रखकर आप इसे  4-5 महीने तक भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बस जब भी कभी बेडमी पूरी खाने का मन करे , तब फ्रीज़ से 1 कप पाउडर निकालें , उसमें 1 कप पानी डालें और 10-15 मिनट के लिए मिक्स करके छोड़ दें और फिर फटाफट पूरी बना लें।] 
  6. अब मिक्स पाउडर में 1 कप पानी थोड़ा - थोड़ा करके डालते जाएँ और चलाते जाएँ। 
  7. बेडमी पूरी बनाने के लिए स्टफिंग बनकर तैयार है। 
  8. इसे एक तरफ ढँककर रख दें। तब तक सब्जी तैयार कर लें। 
सामग्री -   सब्जी बनाने के लिए 
  1. उबले हुए आलू - 4 
  2. भुना बेसन - 1 टेबल- स्पून 
  3. तेल - 4 टेबल स्पून 
  4. जीरा - 1 टी- स्पून 
  5. हींग - 1/2 टी- स्पून 
  6. तेजपत्ता - 1 
  7. लौंग - 4 
  8. हल्दी पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  9. अदरक - 1इंच टुकड़ा 
  10. हरी मिर्च - 2 
  11. कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 टी- स्पून 
  12.  मीडियम साइज़ के टमाटर - 2 
  13. काली मिर्च पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  14. गरम मसाला पाउडर - 1 टी- स्पून 
  15. धनिया पाउडर - 1 टी- स्पून 
  16. अमचूर पाउडर- 1/2 टी- स्पून 
  17. कसूरी मेथी - 1 टेबल- स्पून 
  18. नमक- स्वादानुसार 
  19. पानी - 2 ग्लास  
  20. बारीक कटा हरा धनिया - 1 टेबल- स्पून 
विधि  
  1. सबसे पहले गैस पर एक कड़ाही गरम होने के लिए रख दें और उसमें 1 टेबल- स्पून बेसन डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक ड्राई - रोस्ट कर लें। जब बेसन से अच्छी खूशबू आने लगे , तब बेसन को निकाल लें। 
  2. इसके बाद उसी कड़ाही में 4 टेबल- स्पून तेल डालकर गरम कर लें। 
  3. जब तेल गरम हो जाए , तब उसमें हींग , जीरा,  लौंग और 2-3 टुकड़ों में तोड़कर तेज पत्ता भी डाल दें और चलाकर हल्का सा भुनने दें। 
  4. इसके बाद अदरक व हरी मिर्च को कूटकर डाल दें और धीमी आंच पर 20-25 सेकेंड्स के लिए भून लें। 
  5. अब कड़ाही में हल्दी पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर भी डाल दें और उसे भी धीमी आंच पर थोड़ा सा पका लें। 
  6. इसके बाद कड़ाही में 2 मीडियम साइज़ के टमाटरों को या तो मिक्सर में पीसकर प्युरी बनाकर डाल दें या कद्दूकस करके  डाल दें।  
  7. टमाटर प्युरी के साथ ही 1 टी- स्पून धनिया पाउडर डालकर चला  दें और ढँककर धीमी आंच पर तब तक पकाएँ जब तक कड़ाही तेल अलग न होने लगे। 
  8. जब कड़ाही तेल छोड़ने लगे तब भुना हुआ बेसन और उबले  हुए आलुओं को हाथ से छोटा- छोटा तोड़कर डाल दें और चला दें। बेसन डालने से सब्जी गाढ़ी होती है। 
  9. अगर आपके पास हरी मटर हो तो वो भी सब्जी में डाली जा सकती है। 
  10. आलू के बाद कड़ाही में 2 ग्लास पानी और स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स कर दें और मीडियम आंच पर ढँककर सब्जी को 5 मिनट तक पकने दें। 
  11. 5 मिनट बाद ढक्कन हटाकर सब्जी को एक बार फिर से चला दें। 
  12. इसके बाद सब्जी में काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर, अमचूर पाउडर और कसूरी मेथी को हाथों से रगड़कर डाल दें और मिक्स करके सब्जी को ढँककर धीमी आंच पर 5-7 मिनट और पका लें। 
  13. अगर सब्जी में आलू के बड़े - बड़े टुकड़े दिख रहे हों तो चलाते वक़्त चम्मच से थोड़ा दबा दें । जिससे आलू छोटे - छोटे टुकड़ों में टूट जाए। 
  14. सब्जी तैयार है। इसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल दें और चलाकर  गैस बंद कर दें। 
  15. इसके बाद बेडमी पूरी तैयार कर लें। 
विधि - बेडमी पूरी बनाने के लिए 
  1. सबसे पहले एक कड़ाही में आवश्यकतानुसार तेल डालकर गरम होने के लिए रख दें और आंच मीडियम कर दें। 
  2. इसके बाद आटे और स्टफिंग को एक बार फिर से हाथों से मसलकर चिकना कर लें। 
  3. इसके बाद आटे से एक नींबू के आकार की लोई तोड़ लें और उसे हाथों से थोड़ा बढ़ा लें। 
  4. इसमें 1 टी- स्पून  स्टफिंग डालें और आटे को चारों तरफ से उठाते हुए बंद कर दें। 
  5. लोई को थोड़ा सा हाथ से दबाकर फ्लैट कर दें। 
  6. थोड़ा सा तेल लगाकर पूरी को बेल लें। ध्यान रखें कि पूरी न तो ज्यादा पतली और न ही ज्यादा मोटी बेलें। 
  7. मीडियम गरम तेल में , मीडियम आंच पर किनारे से दबाते हुए पूरियों को दोनों तरफ से पलट - पलटकर गोल्डेन और क्रिस्प होने तक तल लें। 
  8. ध्यान रखें कि पूरी तलने के लिए न तो तेल ही बहुत ज्यादा गरम हो और न तो आंच तेज हो। नहीं तो पूरी ऊपर से लाल हो जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह जाएगी। 
  9. ऐसे ही सारी पूरियाँ बनाकर तैयार कर लें। 
  10. स्वादिष्ट बेडमी पूरी बनकर तैयार है। इसे गरमागरम आलू की सब्जी के साथ सर्व करें। 
दोस्तों, आशा करती हूँ कि आपको बेडमी पूरी व डूबकी वाले आलू की सब्जी की मेरी ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर मथुरा / आगरा व दिल्ली की ये प्रसिद्ध डिश बनाइये और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करिए। 
धन्यवाद॥ 

Tuesday, June 1, 2021

हल्दी वाला दूध - Immunity Booster Golden Turmeric Milk / Turmeric Latte



नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी में आपका स्वागत है। आज हम हल्दी वाला दूध बनाएँगे , जिसे गोल्डेन मिल्क भी कहा जाता है। दोस्तों, हल्दी वाला दूध नाम सुनने में काफी साधारण सा लगता है, लेकिन इसके फायदे असाधारण हैं। हल्दी वाला दूध कई औषधीय गुणों से युक्त होता है। हमारे आयुर्वेद में तो इसके बहुत सारे फायदे बताए गए हैं, जिसका लोहा आज पश्चिमी देश भी मान रहे हैं। भारत में तो सदियों से इसका उपयोग किया जा रहा है। बचपन में जब भी किसी को चोट लग जाए या किसी को सर्दी - खांसी आदि हो जाए तो नानी / दादी / माँ  हल्दी वाला दूध दिया करती थीं, या घाव पर भी हल्दी का लेप लगा दिया करती थीं। इससे बहुत राहत मिलती थी। हल्दी में एंटी - बायोटिक गुण पाये जाते हैं और दूध अपने आप में एक पूर्ण आहार होता  है और जब इन दोनों को एक साथ मिला दिया जाता है तो यह हमारे शरीर के लिए अमृत समान हो जाता है। इसके सेवन से शरीर की रोग - प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और किसी भी प्रकार के संक्रमण से हमारे शरीर का बचाव होता है। वर्तमान समय में तो शरीर की रोग - प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना बहुत जरूरी है , जिससे कोविड 19 जैसी महामारी से भी बचाव हो सके। इसका सेवन बच्चे , बुजुर्ग , महिलाएँ , पुरुष आदि कोई भी कर सकता है। यह हमें बहुत सी गंभीर बीमारियों से बचाता है और अगर कोई बीमारी हो भी जाती है तो रिकवरी को फास्ट कर देता है। हल्दी में करक्यूमिन [ curcumin] नाम का तत्व पाया जाता है, जो एंटी - फंगल , एंटी - बैक्टीरियल ,एंटी - सेप्टिक , एंटी - वाइरल , एंटी - बायोटिक और एंटी - ऑक्सीडेंट होता है जो किसी भी प्रकार की वाइरल या बैक्टीरियल बीमारियों से हमें बचाता है और किसी भी प्रकार के घाव को भरने में भी मदद करता है।  वैसे तो हल्दी वाले दूध का सेवन बहुत से लोग करते हैं , लेकिन इसे बनाने का सही तरीका ज्ञात न होने से वे इसका पूर्ण लाभ नहीं उठा पाते हैं। आज इस लेख के माध्यम से न सिर्फ हल्दी वाला दूध बनाने का सही तरीका बताया गया है , बल्कि इसके फ़ायदे भी बताए गए हैं। तो चलिये आयुर्वेद के अनुसार सही तरीके से गोल्डेन मिल्क / हल्दी वाला दूध बनाना शुरू करते हैं। 

सामग्री 

  1. दूध - 2 कप 
  2. हल्दी पाउडर  - 3/4 टी- स्पून 
  3. दालचीनी पाउडर- 1 चुटकी 
  4. काली मिर्च पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  5. ईलाईची पाउडर - 1/2 टी- स्पून 
  6. सोंठ पाउडर - 1/4 टी- स्पून 
  7. जायफल पाउडर - 1 चुटकी 
  8. शहद - 1 टी- स्पून 
विधि 
  1. सबसे पहले एक बर्तन में 2 कप दूध डालकर उबलने के लिए गैस पर रख दें। 
  2. जब दूध में एक उबाल आ जाए तब गैस धीमी कर दें और दूध में हल्दी पाउडर , दालचीनी पाउडर , काली मिर्च पाउडर, सोंठ पाउडर,और जायफल पाउडर डाल दें और अच्छे से मिक्स कर दें। हल्दी के करक्यूमिन का हमारे शरीर में सही तरीके से अवशोषण हो , इसके लिए दूध में हल्दी के साथ काली मिर्च डाला जाना बहुत जरूरी है। 
  3. धीमी आंच पर 5-6 मिनट तक दूध को हल्दी व अन्य मसालों के साथ पकने दें। 
  4. 5-6 मिनट बाद गैस बंद कर दें और दूध को पीने योग्य ठंडा होने दें। 
  5. ध्यान रखें कि दूध को एकदम से ठंडा नहीं करना है, उसे अपने से रूम टेम्परेचर पर आने दें। 
  6. जब दूध पीने लायक हो जाए तब 1 ग्लास में छान लें और ऊपर से 1 टी- स्पून शहद डालकर मिक्स कर दें। शहद को बहुत ज्यादा गरम दूध में मिक्स नहीं किया जाता है। 
  7. आप शहद की जगह गुड पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। अगर गुड पाउडर डाल रहे हों तो उसे भी बाकी मसालों के साथ डालकर पका लें या फिर बिना कुछ डाले भी दूध पिया जा सकता है। 
  8. आप चाहें तो दूध में 1/4 टी- स्पून घी भी ऊपर से  डाल सकते हैं। 
  9. स्वादिष्ट और सेहत से भरपूर हल्दी वाला दूध बनकर तैयार है। इसे सर्व करें। 

कब पीएँ - हल्दी की तासीर गरम होती है। अतः हल्दी वाला दूध रात में सोने से 1/2 घंटे पूर्व  पीना श्रेष्ठ माना जाता है। इसमें अमीनो एसिड होता है, जिससे नींद बहुत अच्छी आती है।

फायदे 
  1. हल्दी वाला दूध थकावट और शारीरिक दर्द में आराम पहुँचाता है। 
  2. अगर शरीर में कहीं कोई चोट लग गयी है, तो उस चोट या घाव को जल्दी भरने में भी हल्दी वाला दूध मदद करता है। 
  3. अगर नियमित रूप से रात में सोने से पूर्व हल्दी वाले दूध का सेवन किया जाय, तो अनिद्रा की शिकायत दूर हो जाती है और नींद अच्छी आती है।
  4. हल्दी वाला दूध पीने से शरीर की रोग - प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, शरीर को किसी भी प्रकार के संक्रमण  से लड़ने मे मदद मिलती है और  संक्रामक बीमारियों का खतरा एकदम कम हो जाता है। 
  5. हल्दी वाले दूध के नियमित सेवन से फेफड़ों में जमा कफ धीरे - धीरे निकलने लगता है। 
  6. हल्दी वाले दूध में मौजूद एन्टी - माइक्रो बैक्टीरियल गुण एस्थमा, ब्रोकाइंटिस, साइनस और साँस की  तकलीफ में आराम दिलाता है। 
  7. हल्दी वाला दूध पीने से हड्डियाँ मजबूत होती हैं, गठिया जैसी परेशानियों में आराम आता है, मांसपेशियाँ लचीली होती हैं और औस्टियोपोरोसिस में भी कमी आने लगती है। 
  8. हल्दी वाला दूध सर्दी, जुकाम , खांसी व मौसमी बीमारियों से छुटकारा दिलाता है। 
  9. इसके नियमित सेवन से अल्सर, डायरिया, अपच , कोलाइटिस जैसे रोगों में भी आराम मिलता है। 
  10. हल्दी में एन्टी - फंगल और एन्टी - बैक्टीरियल प्रोपरटिज पायी जाती है, जो स्किन की हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है। इससे त्वचा संबंधी परेशानियाँ जैसे;- खाज , खुजली , मुहाँसे ,फोड़े आदि में राहत मिलती है। त्वचा अंदर से हील होकर साफ , सुंदर और चमकदार बनती हैऔर  खून साफ होता है। 
  11. हल्दी वाला दूध शुगर लेवल को कंट्रोल करता है। जिन लोगों का शुगर बढ़ गया है, उन्हें नियमित रूप से हल्दी वाले  दूध का सेवन करना चाहिए। इससे शुगर लेवल धीरे- धीरे नीचे आने लगता है। 
  12. इससे वजन कम करने में भी मदद मिलती है। 
  13. हल्दी वाला दूध शरीर में कैंसर सेल्स को डेवलप नहीं होने देता है, किमोथेरेपी के दुष्प्रभावों को कम करता है और प्रोस्टेट व पेट के कैंसर के खतरे को भी काफी हद तक कम कर देता है। 
  14. हल्दी वाला दूध एक नैचुरल डिटोक्सिफायर होता है। जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को दूर करता है। 
  15. इसके सेवन से मानसिक परेशानियाँ जैसे स्ट्रेस , डिप्रेशन और एंगजाइटी लेवल  कम होता  है और मूड अच्छा रहता है। 
  16. महिलाओं को मासिक धर्म में होने वाले दर्द से भी आराम दिलाता है। 
  17. अगर बच्चों को नियमित रूप से हल्दी वाला दूध पीने को दिया जाय तो वे बीमार नहीं पड़ते हैं या कम बीमार पड़ते हैं। इसका नियमित सेवन कराकर आप अपने बच्चों को कोविड 19 और ब्लैक फंगस जैसी बीमारियों से भी बचा सकते हैं। 
सावधानियाँ 

वैसे तो हल्दी वाला दूध सभी के लिए फायदेमंद ही होता है, लेकिन फिर भी कुछ लोगों को इसके सेवन से पूर्व चिकित्सकीय परामर्श जरूर  ले लेना चाहिए । जिन लोगों का शुगर लेवल कम रहता है उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए। इसके साथ - साथ जिन लोगों को नकसीर फूटने की समस्या होती है या जिन लोगों को खूनी पाइल्स की समस्या है, जिन लोगों को पीलिया की समस्या है या एस्प्रिन नामक दवाई का सेवन कर रहे हों तो हल्दी वाला दूध पीने से बचना चाहिए। इसके साथ साथ गर्भवती महिलाओं को भी हल्दी वाले दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। 

दोस्तों, देखा आपने  हल्दी वाले दूध का जितना साधारण नाम , जितनी छोटी रेसिपी, उतने ही ज्यादा ,असीमित व असाधारण फायदे हैं। इसे आप अपने खान - पान में जरूर शामिल करें। आशा करती हूँ कि आपको मेरी हल्दी वाले दूध की ये रेसिपी पसंद आई होगी। आप भी अपने घर पर हल्दी वाला दूध बनाएँ ,पूरे परिवार के साथ पीएँ और इसके लाभ उठाएँ और अपने अनुभव और सुझाव मेरे साथ शेयर करें। 


इम्यूनिटी बूस्टर काढ़े के लिए यहाँ क्लिक करें: 

धन्यवाद॥ 


लोहड़ी स्पेशल मक्के की रोटी और सरसों का साग [ Lohri Special Punjab's Classical Makke ki roti aur Sarson ka saag recipe ]

 नमस्कार। स्वाद भी सेहत भी ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज हम लोहड़ी के खास अवसर पर पंजाब की क्लासिकल डिश मक्के की रोटी और सरसों का साग बनाएँ...